कुंभ को लेकर हो रहे निर्माण में भ्रष्टïचार का आरोप, सीएम से करेंगे शिकायत
नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रतन दीक्षित ने कुंभ को लेकर हो रहे निर्माण में भ्रष्टïचार का आरोप लगाया है। वह सीएम से शिकायत करेंगे।
प्रयागराज : भाजपा सांसद श्यामाचरण गुप्ता द्वारा कुंभ के लिए बन रही सड़कों के निर्माण में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाने के बाद अब नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष ने भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शिकायत करेंगे। साक्ष्य के लिए समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की कटिंग भी प्रस्तुत करेंगे।
नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का कहना है कि उन्होंने ममफोर्डगंज, स्टेनली रोड, करेली के कई इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। कुंभ को लेकर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता देखी। अधिकांश स्थानों पर स्थानीय लोगों ने भी खराब गुणवत्ता की शिकायत की। नगर निगम, एडीए, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे कार्यों की खामियों को बताया। आरोप है कि पुराने शहर में कई सड़कों पर बिना खोदाई के ही डिवाइडर बना दिए गए। नालों पर सही से जाल नहीं बनाया गया।
मानकों की अनदेखी करके रातों-रातों सड़क बनाई गई। जबकि प्रदेश व केंद्र सरकार उच्च गुणवत्ता का काम करने के लिए भरपूर पैसा दे रही है। कहा कि ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से करोड़ों का भ्रष्टाचार हो रहा है। इसकी शिकायत वह नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से भी कर चुके हैं, जब वह संगम नगरी आए थे। उसके बाद भी ऐसा हो रहा है।