Coronavirus News Update : एक दिन में प्रयागराज में मिले 31 नए संक्रमित मरीज
Coronavirus News Update प्रयागराज में एक दिन में सर्वाधिक संक्रमित मरीज आज यानी शुक्रवार को मिले हैं। 31 पॉजिटिव मरीज मिले हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। जिले में अब कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इसका प्रमाण है रोज दर्जनों की संख्या में मरीजों की संख्या में बढ़ाेतरी है। अब शुक्रवार को अभी तक जनपद में 31 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। फिलहाल एक दिन में इतने अधिक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या पहली बार मिली है। महामारी के बढ़ते प्रकोप को लेकर जनपद के लोगों में दहशत का माहौल है।
संक्रमितों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया
आज मिले नए मरीजों में दो मम्फोर्डगंज के हैं, जिसमें से एक की ट्रेवेल हिस्ट्री नहीं है। वहीं लीडर रोड, शिवकुटी, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग सिविल लाइंस में दो मरीज मिले। दोनों की पूना से हवाई जहाज से प्रयागराज आए थे। इसी क्रम में नूरुल्ला रोड करेली निवासी युवक बुखार और श्वांस के रोग से पीडि़त था। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साथ ही मुटठीगंज के मरीज के साथ ही कोरोना वायरस के अन्य संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद उन्हें कोविड-19 अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
प्रतापगढ़ जिले की एक डॉक्टर हुईं कोरोना संक्रमित
इसी प्रकार प्रतापगढ़ जिले में शुक्रवार को कोरोना का एक और केस बढ़ गया। इसके साथ ही जिले में संक्रमित मरीजाें की संख्या 118 पहुंच गई है। प्रतापगढ़ में मिला नया केस भी शहर के बलीपुर का है। वहां की रहने वाली डॉक्टर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वह सदर क्षेत्र के सुखपाल नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात हैं। गुरुवार को इन्हीं के घर से करीब 100 मीटर दूर एक स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित मिला था। जिले में अब तक 118 केस मिल चुके हैं। वहीं सात लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही पांच मरीजों का इलाज चल रहा है और बाकी स्वस्थ हो चुके हैंl