Coronavirus : संक्रमित महिला ने जना नवजात, एसआरएन अस्पताल में है भर्ती Prayagraj News
एसआरएन अस्पताल के कोविड-19 वार्ड की ओटी में फिर किलकारी गूंजी। डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन करके सफल प्रसव कराया। मां और बच्चा दोनों फिलहाल स्वस्थ हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस से संक्रमित महिला ने नवजात को जन्म दिया। गर्भवती महिला लेवल थ्री एसआरएन कोविड अस्पताल में भर्ती है। महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। डॉक्टरों की टीम दोनों की देखभाल में लगी है। मां कोरोना पाजिटिव है, इसलिए आशंका है कि नवजात में भी कोरोना पाजिटिव हो सकता है। ऐसे में उसकी भी सैंपलिंग कराई जाएगी। नवजात को संदिग्ध वार्ड में रखा गया है।
डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन कर प्रसव कराया
साफियागंज ओल्ड कटरा की रहने वाली गर्भवती महिला 10 जून को कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। उसका प्रसव काल भी पूरा हो चुका था। इसलिए उसे कोविड अस्पताल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया था। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अमृता चौरसिया व उनकी टीम ने सफल ऑपरेशन कर प्रसव कराया।
प्रयागराज में यह चौथा मामला है
वैसे तो कोविड ओटी में कुल छह प्रसव कराया जा चुके हैं लेकिन इसमें दो महिलाओं की रिपोर्ट निगेटिव थी। डॉ. अमृता ने बताया कि नवजात व महिला दोनों स्वस्थ हैं। नवजात की सैंपलिंग कराई जाएगी। बाल रोग विशेषज्ञ की टीम उसकी देखभाल कर रहे हैं। प्रसव कराने वालों में डॉ. शालिनी, डॉ. स्वाति, डॉ. मोनिका समेत अन्य डॉक्टर शामिल रही। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने महिला को बधाई दी है।
प्रतापगढ़ के ट्रक चालक की मेरठ में कोरोना संक्रमण से मौत
प्रतापगढ़ जनपद में कंधई थाना क्षेत्र के कांपा गांव निवासी एक ट्रक चालक की मेरठ में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताविक वह इन दिन ट्रक लेकर मेरठ गया था। उसे चार दिनों से बुखार आ रहा था। इलाज के लिए उसका एक सहयोगी उसे मेरठ जिला अस्पाल ले गया। वहां उसकी मौत शुक्रवार की रात में हो गई। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को शव देने से मना कर दिया क्योंकि उसकी जांच रिपोर्ट कोरोना पांजिटिव आई है।
शहर के दो निजी अस्पतालों के वार्ड सील
कोरोना वायरस के शुक्रवार की देर रात तक छह नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें चार मरीज प्रयागराज के व एक प्रतापगढ़ और एक ही फतेहपुर का मरीज है। तीन मरीज दिल्ली से आए हैं जबकि एक की कोई हिस्ट्री नहीं है। दो और पॉजिटिव निजी अस्पतालों में मिले हैं जिसमें एक प्रतापगढ़ और दूसरा फतेहपुर का है। दोनोंं जिस वार्ड में भर्ती थे उसको सील करा दिया गया है।