Coronavirus Effect in Prayagraj : श्मशान घाट पर खोला गया पुलिस सहायता केंद्र, 24 घंटे तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
Coronavirus Effect in Prayagraj शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने एंबुलेंस से लेकर अंत्येष्टि तक का रेट तय कर दिया और उसकी रेट लिस्ट भी श्मशान घाट के पास चस्पा कर दी गई। इसके बावजूद कुछ लोग मृतक के स्वजनों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे थे।
प्रयागराज,जेएनएन। एंबुलेंस चालक और अंत्येष्टि करने वालों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए अब गंगा तट के श्मशान घाट पर पुलिस सहायता केंद्र खोल दिया गया है। यहां पुलिसकर्मियों की 24 घंटे तैनाती रहेगी। यदि कोई शख्स किसी पीडि़त परिवार के स्वजनों को परेशान करने या रेट लिस्ट से ज्यादा पैसा लेता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
रेट लिस्ट भी चस्पा की गई
कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों की अंत्येष्टि के लिए फाफामऊ थाना क्षेत्र स्थित गंगा तट पर अस्थाई श्मशान घाट बनाया गया है। संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़ी तो एंबुलेंस चालक अस्पताल से घाट तक शव ले जाने के लिए पांच से छह हजार तक किराया लेने लगे थे। इसी तरह अंत्येष्टि करने वाले और लकड़ी बेचने वाले भी मनमाना पैसा वसूल कर रहे थे। इसको लेकर घाट पर आए दिन विवाद हो रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने एंबुलेंस से लेकर अंत्येष्टि तक का रेट तय कर दिया और उसकी रेट लिस्ट भी श्मशान घाट के पास चस्पा कर दी गई। इसके बावजूद कुछ लोग मृतक के स्वजनों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे थे।
चार पुलिसकर्मी और दो दारोगा की रहेगी डयूटी
ऐसे में एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के निर्देश पर शनिवार सुबह अस्थाई पुलिस सहायता केंद्र खोल दिया गया। थानाध्यक्ष फाफामऊ संतोष शुक्ला ने बताया कि चार पुलिसकर्मी और दो दारोगा की ड्यूटी लगाई गई है, जो 12-12 घंटे की ड्यूटी करेंगे। साथ ही हैंड लाउडर से लगातार लोगों को कोविड गाइड लाइन का पालन करने और रेट लिस्ट की जानकारी दी जाती रहेगी।