Coronavirus Prayagraj News : प्रतापगढ़ के स्वाट टीम प्रभारी अजय सिंह की कोरोना संक्रमण से मौत, एसआरएन अस्पताल में भर्ती थे
Coronavirus Prayagraj News प्रतापगढ़ के स्वाट टीम प्रभारी कोरोना वायरस से संक्रमित थे। इलाज के दौरान रविवार की दोपहर एसआरएन अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ के स्वाट टीम के प्रभारी अजय सिंह की कोरोना वायरस से मौत हो गई है। उन्हें प्रतापगढ़ से लाकर प्रयागराज के कोविड-19 के लेवल थ्री अस्पताल स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया था। रविवार की दोपहर में उन्होंने यहां अंतिम सांस ली। अजय सिंह चंदौली जनपद के मूल निवासी थे। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
अजय और उनके चालक के साथ चार सिपाही पॉजिटिव मिले थे
मूलत: चंदौली जिले के रहने वाले इंस्पेक्टर अजय 2001 में उप निरीक्षक के पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। साल भर पहले तबादले पर प्रतापगढ़ आए थे। वह तब से स्वाट यानी स्पेशल वेपेंस एंड टैक्टिस टीम के प्रभारी थे। करीब दस दिन पहले सैंपल की जांच के दौरान अजय और उनके चालक व चार सिपाही कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। प्रभारी सहित सभी पुलिस कर्मियों को होम आइसोलेशन पर रखा गया था।
तबीयत खराब होने पर एसआरए अस्पताल में भर्ती हुए थे
करीब हफ्ते भर पहले तबीयत खराब होने पर अजय सिंह को एसआरएन हॉस्पिटिल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही थी। इस बीच उनकी सांसें थम गईं। उनकी मौत की खबर मिलते ही यहां पुलिस महकमे में शोक व्याप्त हो गया। उनकी पत्नी व दोनों बच्चे प्रयागराज में रहते हैं।