Coronavirus Prayagraj News : संक्रमण से बिगड़ते हालात को नजरअंदाज करना पड़ेगा महंगा, अस्पतालों में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या
Coronavirus Prayagraj News मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डा. एसपी सिंह का कहना है कि कोविड अस्पताल मेें मरीजों की संख्या बढ़ रही है। यह स्थिति चिंताजनक है। शासन सीधे इसे संज्ञान ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है लोगों को अप्रैल में सजग रहना होगा।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना के संक्रमण का फैलाव दिनोंदिन बढऩे से स्थिति खतरनाक हो रही है। नए संक्रमित प्रत्येक दिन 60 से अधिक मिल रहे हैं। कोरोना से बचने के लिए बनाए गए नियमों का उल्लंघन बड़ी वजह बताई जा रही है। दूसरे राज्यों में कोरोना के मामले में बढऩे से बेफिक्र लोग अब अपने जिले में भी बिगड़ते हालात को नजरअंदाज कर रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में तो मास्क, सैनिटाइजेशन व शारीरिक दूरी के नियम तो महीनों पहले ध्वस्त हो चुके थे, शहरी क्षेत्र में भी वही रवैया अपनाया गया। त्योहार पर उल्लास की आड़ में लोग अपनी और दूसरों की सुरक्षा ही भूल गए। 27 मार्च को 80 नए संक्रमित, 28 मार्च को 69, 29 और 30 मार्च को मिलाकर 93 नए संक्रमित मिले। यह कोरोना की स्थिति बेकाबू बताने के लिए काफी है। मरीजों की मौत का जो सिलसिला आठ फरवरी से थमा था वह फिर चल निकला है। लेवल थ्री कोविड अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 65 से अधिक हो गई है। हालांकि प्रत्येक दिन छह-सात लोग पूरी तरह स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज भी किए जा रहे हैं।
अधिक सजग रहने की जरूरत
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डा. एसपी सिंह का कहना है कि कोविड अस्पताल मेें मरीजों की संख्या बढ़ रही है। यह स्थिति चिंताजनक है। शासन सीधे इसे संज्ञान ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है, लोगों को अप्रैल में सजग रहना होगा।
कोविड गाइडलाइन का पालन करें
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रभाकर राय ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग अपना काम कर रहा है। कोरोना तेजी से फैल रहा है। लोग सचेत रहें तो पहले जैसी स्थिति आने से बचा जा सकता है। मास्क लगाने, हाथ को सैनिटाइज करते रहने और सार्वजनिक स्थानों पर शारीरिक दूरी बनाए रखना जरूरी है।