प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लल्लू की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे कांग्रेसी Prayagraj News
पीसीसी सदस्य मुकुंद तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर लल्लू की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक कदम है।
प्रयागराज,जेएनएन। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय गुप्ता लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है। शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर कांग्रेसियों ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।
फर्जी मुकदमें में जेल भेजने का लगाया आरोप
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने प्रवासी मजदूरों के हितों को लेकर लल्लू समेत कई अन्य नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर जेल भेजने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा सरकार का यह रवैया मजदूर विरोधी नीतियों का प्रमाण है। गंगापार जिलाध्यक्ष रामकिशुन पटेल ने कहाकि पार्टी कार्यकर्ता ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक सरकार की दमन विरोधी कार्यों की पोल खोलेंगे।
48 घंटे के भीतर लल्लू को रिहा नहीं किया गया तो सडक पर पद्रर्शन
शहर अध्यक्ष नफीस अनवर ने कहाकि यदि 48 घंटे के भीतर लल्लू को रिहा नहीं किया गया तो कांग्रेसी सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। पीसीसी सदस्य मुकुंद तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर लल्लू की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक कदम है। पत्रकारों से बातचीत के बाद कांगे्रेसियों ने फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान जावेद उर्फी, हसीब अहमद, श्रीश चंद्र दुबे, सिब्बतैन बबलू, इरशाद उल्ला आदि लोग मौजूद रहे।
पीडब्ल्यूडी को निगम बनाने के प्रस्ताव का विरोध
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सड़क विकास निगम बनाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में विभाग के कर्मचारी आक्रोशित हैं। पीडब्ल्यूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ तथा राजकीय परिवहन चालक संघ समेत कई अन्य कर्मचारी संगठनों की ओर से इसके खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनने लगी है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि एक तो भत्ता कम कर दिया, ऊपर से अब विभाग को निगम बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। संघ भवन पर हुई बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेंद्र बाबू केशरवानी ने कहाकि इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। प्रांतीय सदस्य व क्षेत्रीय मंत्री रविशंकर मिश्र ने सरकार द्वारा लोक निर्माण विभाग में सलाहकार और विभाग को निगम बनाए जाने की कवायद पर आक्रोश व्यक्त किया। कहा कि सरकार इस संकट में वित्तीय संकट बता कर कर्मचारियों का भत्ता खत्म कर दिया गया तो आम जनता के टैक्स के पैसा से सलाहकार नियुक्त कर फिजूलखर्ची करने जा रही है। बैठक में जिलाध्यक्ष रामसुफल वर्मा, क्षेत्रीय संरक्षक अमरबहादुर सिंह, क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष संजीत कुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री बसंत कुमार तिवारी, अशोक कुमार दुबे, मो. गुलाम कादिर, नीरज कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।