विषाक्त पदार्थ से हुई थी प्रतियोगी छात्र की मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप Prayagraj News
विष्णु अपने दोस्तों के साथ सिविल लाइंस में पार्टी करने गया था। वहां से खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे कमरे पर लौटा था। बाद में उसकी तबीयत खराब होने से मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। सतना से आकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र विष्णु द्विवेदी की मौत विषाक्त पदार्थ से हुई है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होने पर इसकी पुष्टि हुई। अब छात्र के बड़े भाई अरविंद व अन्य परिजन जहर देकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पीडि़त परिवार कीडगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए पहुंचे हैं।
बैरहना में कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था
मध्य प्रदेश के सतना जिले के मझिगवां थाना क्षेत्र स्थित पिंडरा गांव निवासी सुरेंद्र द्विवेदी बिजली विभाग में कर्मचारी हैं। उनके तीन बेटों में सबसे छोटा बेटा 22 वर्षीय विष्णु था। वह कीडगंज थाना क्षेत्र के बैरहना मोहल्ला निवासी दीपक कुमार के घर में किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह करीब तीन साल से यहां रह रहा था। कुछ दिन पहले शंकरगढ़ का अवनीश मिश्रा भी उसी के कमरे में आया और फिर दोनों साथ रहकर पढ़ाई करने लगे।
दोस्तों के साथ खाना खाकर कमरे पर लौटा था विष्णु
रूम पार्टनर अवनीश ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम विष्णु अपने दोस्तों के साथ सिविल लाइंस में पार्टी करने गया था। वहां से खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे कमरे पर लौटा। इसके बाद दोनों दो घंटे तक बातचीत करते रहे और फिर सो गए। रविवार सुबह अवनीश उठने के बाद पढऩे लगा, जबकि विष्णु सोता रहा। आवाज लगाने पर भी वह न उठा तो पास जाकर देखा। अचेतावस्था में उसे देख अवनीश घबरा गया और साथियों की मदद से उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्र के भाई ने हत्या का लगाया आरोप
खबर पाकर विष्णु के बड़े भाई अरविंद और स्वजन दोपहर बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। कीडगंज पुलिस ने भी जांच करते हुए रूप पार्टनर से पूछताछ की। उधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने पर अरविंद ने हत्या का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर कीडगंज केपी सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण जहर निकला। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। उधर विष्णु की मौत की खबर सुनकर सतना में रहने वाले उसके परिवार में मातम छा गया।पिता, मां गोमती द्विवेदी, भाई और बहन गम में डूबे रहे।