ज्वेलरी में फ्लेक्सिया और ग्रेसिया के कलेक्शन खूब भा रहे
नवरात्र से बाजार में कुछ तेजी आई है। दशहरा के बाद बाजार में रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सराफा मार्केट के बेहतर रहने की उम्मीद है।
प्रयागराज : त्योहारों का महीना शुरू होते ही सराफा बाजार भी सजधज कर तैयार है। कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह की आकर्षक योजनाएं लांच कर रही हैं। कुछ कंपनियां डायमंड और गोल्ड की ज्वेलरी में 30 फीसद तक मेकिंग चार्ज और फ्लैट छूट दे रही हैं। इससे शोरूम और दुकानों में ग्राहकों की भीड़ भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। वहीं, नई डिजाइन की मल्टीपर्पज ज्वेलरी फ्लेक्सिया और ग्रेसिया के कलेक्शन, महिलाओं को खूभ भा रहे हैं। फ्लेक्सिया और ग्रेसिया कलेक्शन डायमंड के हैं। फ्लेक्सिया कलेक्शन का इस्तेमाल ब्रेसलेट, नेकलेस जैसा चाहें कर सकते हैं। ग्रेसिया में कम से कम डायमंड में अच्छा लुक मिल रहा है।
हाल में लांच हुआ लालकिला ब्रांड भी महिलाओं की पसंद बना है। यह मोतियों के जड़ाऊ सेट और रोजगोल्ड से बने 22 कैरेट की ज्वेलरी है। तत्वम भी महिलाओं की रुचि में शामिल है। नई डिजाइन के साथ पारंपरिक ज्वेलरी चोकरसेट और रानीतार भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार की ग्रीस और इटालियन ज्वेलरी की भी मांग इस बार बढ़ी है। लेकिन 18 से 35 वर्ष के युवाओं को ब्लूस्टोन के गहने ज्यादा आकर्षित कर रहे हैं। यह ब्रांड खासकर युवाओं के लिए ही बनाए गए हैं। हालांकि, मध्यमवर्गीय परिवार की महिलाएं चेन, अंगूठी, कान की इय¨रग, झुमकी, नथिया पर ज्यादा कंसंट्रेट हैं। गुलबंद और बास्केट बाली का चलन भी बढ़ा है। चड्ढा ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर रजत चड्ढा का कहना है कि करीब चार महीने से मंदी रही है। नवरात्र से बाजार में कुछ तेजी आई है। दशहरा के बाद बाजार रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। यही नहीं पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सराफा मार्केट के बेहतर रहने की उम्मीद है।
शादी-विवाह के लिए ज्वेलरी भी इसी समय खरीदते हैं लोग :
दशहरा, करवा चौथ, धनतेरस और दीपावली पर ज्वेलरी खरीद में डिस्काउंट होने के कारण इसी दौरान लोग शादी-विवाह के लिए भी ज्वेलरी खरीद लेते हैं। पीसी ज्वेलर्स के स्टोर मैनेजर रितुराज सिंह का कहना है कि करीब 150 करोड़ रुपये का सराफा कारोबार त्योहारी सीजन में होने का अनुमान है।
जितना धन, उतनी खरीदारी :
प्रयाग सराफा मंडल के अध्यक्ष कुलदीप सोनी का कहना है कि नोटबंदी का असर अब भी सराफा मार्केट में है। ज्वेलरी ज्यादातर मध्यमवर्गीय परिवार की महिलाएं खरीदती हैं। महंगाई से लोग परेशान हैं। ऐसे में जितना धन होगा, उसी हिसाब से खरीदारी होगी। धनतेरस और दीपावली तक 50 फीसद तक की वृद्धि बाजार में होने की उम्मीद है।