सीएम योगी नौ अगस्त को दो घंटे शहर में रहेंगे, माघमेले की करेंगे समीक्षा Prayagraj News
सीएम योगी आदित्यनाथ संगम के पास परेड मैदान में नौ अगस्त को पौधरोपण करेंगे। लोगों को निश्शुल्क पौधे भी बांटेगे। फिर माघमेले की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बजट को मंजूरी देंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौ अगस्त को शहर में लगभग दो घंटे रहेंगे। वह सुबह लगभग 10 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। पुलिस लाइन में ही उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा, जहां से वह कार से परेड मैदान जाएंगे।
सीएम परेड मैदान में करेंगे पौधरोपण, हो रही तैयारी
परेड मैदान में मुख्यमंत्री योगी निश्शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम में शरीक होंगे। इस दौरान वह खुद भी पौधरोपण करेंगे। मुख्यमंत्री के नाम पर परेड मैदान में पांच पौधे रोपे जाएंगे। अन्य मंत्री और उच्चाधिकारी भी अपने नाम के पौधे रोपेंगे। परेड मैदान में एक ही स्थान से लगभग 40 हजार लोगों को निश्शुल्क पौधे वितरित किए जाने का गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड भी बनेगा। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। परेड मैदान में मंच से लेकर मैदान तक को दुरुस्त किया जा रहा है। मैदान में पानी भर जाने के कारण वहां पंप से पानी बाहर किया जा रहा है।
27 प्रजातियों के पौधे लोगों को वितरित किए जाएंगे
डीएफओ वाईपी शुक्ला ने बताया कि 27 प्रजातियों के पौधे लोगों को वितरित किए जाएंगे। इसके लिए काउंटर आदि बनाए जा रहे हैं। पौधा वितरण कार्यक्रम सुबह सात बजे शुरू हो जाएगा।
माघमेला तैयारियों समीक्षा व बजट की कर सकते हैं घोषणा
इसके बाद मुख्यमंत्री ट्रिपलआइसी में माघमेला की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने पहले ही माघमेले को मिनी कुंभ की तरह आयोजित करने की घोषणा कर चुके हैं। इसके लिए होने वाले कार्यों की वह इसी बैठक में मंजूरी और बजट की भी घोषणा कर सकते हैं। दोपहर में 12 बजे के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ चले जाएंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप