सीएम को भाया नेवादा का पंचायत भवन, आज प्रधान से करेंगे बात
जागरण संवाददाता प्रयागराज ग्राम पंचायत भवन तो बहुत देखे होंगे लेकिन होलागढ़ ब्लाक के शाहपुर कल्याण नेवादा जैसा कहीं दूसरा नहीं है। ग्राम प्रधान ने इसे बेहतरीन ढंग से बनवाया है। इसीलिए यह उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को अच्छा लगा। उन्होंने इसे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ बताया है। सीएम इस ग्राम के प्रधान से सोमवार को वीसी के जरिए वार्ता करेंगे।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज: ग्राम पंचायत भवन तो बहुत देखे होंगे, लेकिन होलागढ़ ब्लाक के शाहपुर कल्याण उर्फ नेवादा के जैसा शानदार नहीं देखा होगा। कहीं होगा भी नहीं, तभी तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रदेश के बेहतरीन पंचायत भवनों में सर्वश्रेष्ठ माना है। मुख्यमंत्री सोमवार सुबह 10 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इसका लोकार्पण कर प्रधान सुमंत तिवारी से बात भी करेंगे। इसमें आठ कमरे, एक बड़ा हाल, चहारदीवारी, भव्य गेट है, जो रंगरोगन से अलग ही आभा बिखेर रहा है।
शाहपुर कल्याण उर्फ नेवादा गांव के पंचायत भवन को अव्वल दर्जा दिया गया। यह पंचायत भवन आधारभूत ढांचे के साथ मूलभूत सुविधाओं से लैस है। शौचालय (पुरुष-महिला वर्ग), नाली, पानी की व्यवस्था, पटसेम-टाइल्स लगाया गया है। इसके अलावा पौधे भी रोपे गए हैं। मुख्य द्वार स्वागत के लिए तैयार है। पंचायत घर में प्रवेश करते ही स्वच्छ वातावरण का एहसास होगा।
डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव का कहना है कि बेहतरीन पंचायत भवन बनवाने पर सीएम इस गांव के प्रधान से वार्ता करेंगे। अन्य पंचायत भवनों को भी इस तर्ज पर बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उधर, प्रदेश में शाहपुर कल्याण उर्फ नेवादा का स्थान प्रथम आने की जानकारी मिलने से ग्राम प्रधान सुमंत तिवारी गदगद हैं। बताते हैं कि योजना के तहत शत प्रतिशत धन की प्राप्ति हुई और पूरी रकम लगाकर सुनियोजित ढंग से पंचायत घर का निर्माण कराया गया है। सामग्री भी अच्छी गुणवत्ता वाली लगाई गई। समय-समय पर अधिकारियों का भी मार्गदर्शन मिलता रहा। पंचायत घर से ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
पंचायत घर से गांव के लोगों को कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके तहत जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएंगे। लेखपाल और कोटेदार भी मिलेंगे। एएनएम भी पंचायत घर में बैठेंगी और टीकाकरण का काम करेंगी।