Uttar Pradesh Day : सीएम के सजीव प्रसारण देख गदगद हुए लोग, दी गई योजनाओं की जानकारी Prayagraj News
उत्तर प्रदेश दिवस पर सीएम योगी के भाषण का लाइव प्रसारण हुआ। उन्होंने कुंभ आयोजन को सराहा तो सजीव प्रसारण देख रहे प्रयागराजवासी गदगद हुए।
प्रयागराज, जेएनएन। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर शुक्रवार को सजीव प्रसारण का कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में किया गया। इस दौरान सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इसमें कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की हैंडबिल तथा पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया।
सीएम योगी ने प्रयागराज में 2019 के दिव्य कुंभ भव्य कुंभ की सराहना की
उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ में आयोजित समारोह का यहां भी सीधा प्रसारण किया गया। संगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों के साथ अन्य योजनाओं के लाभार्थियों ने लखनऊ के समारोह को देखा। बताया गया कि 1950 में उत्तर प्रदेश अपने अस्तित्व में आया। प्रदेश के 70 वर्ष पूरे हुए हैैं। इन वर्षों के बीच अंतराल के विषय को मंथन करने का विषय है। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में 2019 के दिव्य कुंभ भव्य कुंभ की सराहना करते हुए कहा कि 24 करोड़ 56 लाख लोगों ने स्नान किया था। मुख्यमंत्री का यह संबोधन सुन प्रयागराज के लोग गदगद हो गए। प्रयागराज मंडल में भी अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना की घोषणा की तो लोग झूम उठे।
राज्यपाल आनंदी बेन का भी संबोधन हुआ
लोगों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का भी संबोधन सुना। बाल विकास पुष्टाहार विभाग की तरफ से बाल विकास परियोजना अधिकारी संजिता सिंह ने अनुपूरक पोषाहार टीकाकरण, पोषक व स्वास्थ्य शिक्षा की जानकारी दी। उप निदेशक कृषि विनोद कुमार ने बताया कि कृषि क्षेत्र में स्थायी विकास तेज गति से हुआ है। सर्वाधिक उत्पादन की भूमिका कायम रहे, इसके लिए सरकार किसानों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। बताया कि कृषि यंत्र पर विभाग द्वारा 50 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में 25 समूहों को चेक वितरित
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में 25 समूहों को चेक वितरण किया गया। एक जनपद एक उत्पाद योजना के बारे में संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधांशु तिवारी ने बताया कि मेक इन इंडिया के तर्ज पर मेक इन यूपी के सपने का साकार करने के लिए यह योजना शुरू हुई है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी रामऔतार यादव ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी दी। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित कन्या सुमंगला योजना के बारे में भी बताया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ.राहुल सिंह ने विस्तृत जानकारी दी। बताया कि जिले में 2,11,569 कार्ड अपलोड किए जा चुके हैं तथा 2,10,791 गोल्डेन कार्ड जनरेट किए गए हैैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एडीएम प्रशासन विजय शंकर दुबे, पीडी डीआरडीए केके सिंह, डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव मौजूद रहीं।