तीन टॉकीजों का बदलेगा लुक, ऊपर सिनेमा हाल और नीचे सजेगा बाजार Prayagraj News
सिने प्रेमियों के लिए शहर के तीन सिनेमा हॉल काे नए स्वरूप में पेश किया जाएगा। मनोरंजन कर विभाग ने इसकी अनुमति दे दी है। अब जल्द ही कार्य शुरू होगा।
प्रयागराज, जेएनएन। सिने प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। शहर के तीन सिनेमा हॉल काजल, विश्वामित्र और अवतार का लुक बदलेगा। सिविल लाइंस स्थित पैलेस थिएटर की तरह ही इन तीनों हॉल में ऊपर सिनेमा चलेगा और नीचे बाजार बनाया जाएगा। इसके लिए मनोरंजन कर विभाग ने अनुमति दे दी है। जल्द ही इन तीनों हॉल के कायाकल्प का कार्य शुरू हो जाएगा।
...अब जिले में पीवीआर समेत मात्र 12 सिनेमा हाल ही
वैसे तो शहर में एक से एक सिनेमा हॉल हैं मगर इनमें से ज्यादातर बंद हो गए हैं। एक समय था प्रयागराज में 43 सिनेमा हाल थे, जिनमें एक साथ 28 हजार से ज्यादा दर्शक फिल्म देख सकते थे। अब जिले में पीवीआर समेत मात्र 12 सिनेमा हाल हैं। सिनेमा हालों के बंद होने का कारण आय कम होना था। केबल और सीडी ने दर्शकों को टाकीज तक जाने से रोक सा दिया था। मगर अब टॉकीजों के रेनोवेट होने से दर्शकों का मिजाज फिर बदला है। इसीलिए काजल, विश्वामित्र और अवतार टॉकीज के प्रबंधन ने बेहतर तरीके से हॉल चलाने का फैसला लिया है। इन टॉकीजों में ऊपर सिनेमा चलाया जाएगा और नीचे के हिस्से में मार्केट बनाया जाएगा।
प्रबंधन को यह है उम्मीद
प्रबंधन को उम्मीद है कि टॉकीज के इंप्रूव करने से दर्शक सिनेमा देखने पहुंचेंगे, जहां वे लंच व डिनर के साथ शॉपिंग भी कर सकेंगे। इसके पहले पैलेस थिएटर, पायल, झंकार, गौतम, संगीत और दर्पण को अपग्रेड किया जा चुका है।
पांच गुना ज्यादा मिल रहा टैक्स
सिनेमा से वर्ष 2003 में जो टैक्स लगभग तीन करोड़ रुपये मनोरंजन कर विभाग को मिलता था वह अब बढ़कर लगभग 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। दरअसल, दर्शक सुविधा चाहते हैं। एयरकंडीशन, अच्छी सीटें और डिजिटल प्रोजेक्टर के चलते मल्टीप्लेक्स में मूवी देखने का चलन बढ़ा है।
बोले मनोरंजन कर सहायुक्त
मनोरंजन कर के सहायुक्त अरविंद वर्मा ने कहा कि शहर के लोगों को जल्द ही तीन बेहतरीन टॉकीजों में मूवी देखने का मौका मिलेगा। तीनों सिनेमा हॉल में रेनोवेट का कार्य शीघ्र ही शुरू होने वाला है। विभाग की ओर से इसके लिए अनुमति दे दी गई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप