VIDEO: प्रयागराज में पूजा पंडाल में छोटा राजन के गुर्गे को बम-गोलियों से भूना
छोटा राजन के गुर्गे नीरज वाल्मीकि की मंगलवार की रात में हत्या कर दी गई। आकाशवाणी चौराहे पर दुर्गापूजा पंडाल में नकाबपोश बदमाशाें ने बम और गोलियों से हमलाकर वारदात को अंजाम दिया।
प्रयागराज(जेएनएन)। कैंट थाना क्षेत्र के आकाशवाणी चौराहे पर दुर्गा पूजा पंडाल में मंगलवार की रात छोटा राजन के गुर्गे नीरज वाल्मीकि (40) की नृशंस हत्या कर दी गई। रात पौने आठ बजे पूजा पंडाल में बैठे नीरज पर तीन हमलावरों ने बम और गोलियां बरसाईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हमले में उसका भतीजा सौरभ भी जख्मी हो गया। फायरिंग और बमबाजी से पंडाल में अफरातफरी मच गई।
कैंट इलाके में स्थित आफिसर लाइन कॉलोनी निवासी स्व. बाबूलाल का बेटा नीरज वाल्मीकि दो महीने पहले ही हत्या के मामले में जेल से छूटा था। वह हिस्ट्रीशीटर था। कैंट दुर्गा पूजा कमेटी का संयोजक उसकी मौसी का लड़का विशाल है। आकाशवाणी चौराहे पर बने दुर्गा पूजा पंडाल में आरती खत्म होने के बाद नीरज पंडाल में कुर्सी पर बैठा था। बगल में भतीजा सौरभ था।
पंडाल के बगल बने रास्ते से चेहरा ढके तीन बदमाश घुसे और नीरज पर बम फेंका। धमाके के बाद हमलावरों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी। कई गोलियां लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गया तो हमलावर हवा में गोलियां चलाते हुए पंडाल से कुछ दूरी पर खड़ी बाइक से भाग निकले। कमेटी के लोग उसे जागृति अस्पताल ले गए, वहां से एसआरएन अस्पताल भेजा गया जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पंडाल को बंद करा दिया। उसके भतीजे सौरभ ने पुलिस को बताया कि हमलावर दोनों हाथ से गोलियां चला रहे थे। चाचा ने अपराध का रास्ता छोड़ दिया था इसलिए असलहे नहीं लिए थे। हम लोग बचाव में ईंट पत्थर मार रहे थे। पुलिस के मुताबिक नीरज वाल्मीकि कचहरी डाकघर लूटकांड का भी आरोपी था। उस पर एक दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी नितिन तिवारी के मुताबिक, सीसीटीवी में हमलावरों की तस्वीर कैद हुई है। नीरज पर हत्या के दो मुकदमों समेत कई मामले हैं। दूसरे गिरोह से उसकी दुश्मनी चल रही थी।