प्रयागराज के बाजार में बिक रहे नकली चायनीय पल्स ऑक्सीमीटर, खरीदने से पहले बरतें सावधानी
आप पल्स ऑक्सीमीटर खरीदने जा रहे हैं तो सचेत रहें इन सावधानियों को अवश्य बरतें। क्योंकि प्रयागराज के बाजार में नकली पल्स ऑक्सीमीटर बिक रहे हैं जिनमें अधिकांश चायनीज हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। हर ओर कोरोना वायरस संक्रमण से लोग परेशान हैं। ऐसे में प्रयागराज में भी संक्रमित मरीजों की संख्या रोज बढ़ रही है। अब तो सरकार ने होम आइसोेलेशन की भी सुविधा दे दी है। ऐसे में कई संक्रमित मरीज घर में ही रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। होम आइसोलेशन की सुविधा होने से अब घर-घर में लोग पल्स ऑक्सीमीटर भी रखने लगे हैं। इससे बाजार में पल्स ऑक्सीमीटर की डिमांड भी बढ़ गई है। मांग बढने के साथ ही बाजार में नकली पल्स ऑक्सीमीटर की खेप भी बाहर से आने लगी और मेडिकल स्टोरों पर यह धड़ल्ले से बिक रहा है।
पेन, दातून का भी ऑक्सीजन लेवल भी 97 से 99
आप पल्स ऑक्सीमीटर अगर खरीदने के लिए बाजार जा रहे हैं तो इस खबर को जरूर पढ़ें। अगर नकली पल्स ऑक्सीमीटर खरीद लेंगे तो फिर मरीज के स्वास्थ्य के लिए उचित नहीं होगा। जागरूकता के साथ ही इसे बाजार में खरीदें। नकली पल्स ऑक्सीमीटर में रीडिंग (97, 98, 99) निर्धारित (फीड) है, जिससे वह घूम-फिरकर इसी के आसपास ऑक्सीजन लेवन बताता है। खास बात यह कि पेन और दातून की इससे जांच करने पर भी ऑक्सीजन लेवल 97 से 99 के बीच बताता है।
होम आइसोलेशन के कारण बढ़ी मांग
कोरोना महामारी के बाद पल्स ऑक्सीमीटर की मांग तेजी से बढऩे लगी। होम आइसोलेशन की सुविधा होने से इसकी डिमांड में तीन-चार गुना से ज्यादा की वृद्धि हुई। लोग घर में अपना ऑक्सीजन लेवल नापने के लिए इसे खरीद रहे हैं। ब्रांडेड कंपनी का पल्स ऑक्सीमीटर महंगा है। इसका फायदा उठाते हुए कंपनियों ने कम कीमत का नकली पल्स ऑक्सीमीटर बाजार में उतार दिया है। सस्ता होने के कारण आम लोग गुणवत्ता को नजरअंदाज करके इसे खरीद रहे हैं। दावा है कि नकली पल्स ऑक्सीमीटर से ऑक्सीजन की जांच करने पर वह फिक्स ऑक्सीजन लेवल ही बताएगा। ऐसे में किसी का ऑक्सीजन लेवल कम होने पर उसे पता नहीं चल सकेगा। डॉक्टर की जांच में अचानक ऑक्सीजन लेवल कम होने पर उसके लिए खतरनाक हो सकता है।
रेट (रुपये में)
-700-1400 ब्रांडेड
-300 तक नकली
बोले, इलाहाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष
इलाहाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल दुबे कहते हैं कि नकली पल्स ऑक्सीमीटर ज्यादातर चीन के बने हैं। उसमें तीन-चार रीडिंग फिक्स है, जिससे पेन और दातून का ऑक्सीजन लेवल भी 97 से 99 के बीच बताता है। इसलिए लोगों को ब्रांडेड पल्स ऑक्सीमीटर ही खरीदना चाहिए।
औषधीय निरीक्षक ने ऐसा कहा
औषधीय निरीक्षक गोविंद लाल गुप्त ने कहा कि यह इलेक्ट्रो मैग्नेटिक होते हैं, जिसमें ज्यादा फर्क नहीं होता है। नकली पल्स ऑक्सीमीटर होगा तो भी रीङ्क्षडग सही बताएगा।