आजादी से अब तक किसानों के साथ छलावा : योगेंद्र
किसान शहीद स्थल कहला में आयोजित गांधी ग्रामीण मंच की सभा हुई। इसमें स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व किसान नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि सभी सरकारों ने किसानों को धोखा दिया है।
प्रयागराज : आजादी के बाद से आज तक किसान छले जा रहे हैं। चाहे कांग्रेस की सरकार रही हो या भाजपा की, किसानों का हित किसी ने नहीं किया। यह बात अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के प्रमुख व स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहीं। वह प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र के किसान शहीद स्थल कहला में आयोजित गांधी ग्रामीण मंच की सभा में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि किसान मेहनत के अनुसार फसल का दाम नहीं पा रहे हैं। उनको स्वामीनाथन कमेटी के अनुरूप मूल्य मिले और मजदूरों को साढ़े तीन सौ रुपये प्रति दिन मजदूरी मिले। कहला में किसान अपने सीने पर गोलियां खाए फिर भी वह शोषित हैं।
योगेंद्र ने सभा से पहले शहीद स्मारक पर पुष्प चढ़ाकर शहीदों को नमन किया। पैदल मार्च कर धनुहा आए, यहां रात में रुके हैं। कार्यक्रम में गांधी ग्रामीण मंच के अध्यक्ष डा. बीएल वर्मा, आबिद शाह, आरके वर्मा, शमसुद जमा, अरुण कुमार, त्रिभुवन कुमार, वीरेंद्र कुमार ने भी विचार रखे।
बसपा अध्यक्ष ने डीजीपी को भेजा पत्र
बसपा के प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष सुशील कुमार गौतम ने एसपी और डीजीपी को शिकायती पत्र भेजा है। इसके माध्यम से उन्होंने बताया कि पत्नी से उनका विवाद चल रहा है। इसमें दूसरा पक्ष कुछ लोगों के बहकावे में आकर उनको बदनाम करने में लगा है। उसे उकसाकर दबाव बनाया जा रहा है। यही नहीं जान से मार देने की धमकी भी मिल रही है। इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि अध्यक्ष के ससुर ने दो दिन पहले एसपी से मिलकर मुकदमे में कार्रवाई की मांग की थी।