संगम स्नान कर लौट रही महिला के गले से चेन खींचने वाले पुलिस पकड़ से दूर Prayagraj News
प्रयागराज में मनबढ़ बदमाशों ने हरतालिका तीज पर संगम स्नान कर लौटते समय महिला के गले से चेन छीनकर फरार हो गए। बाइक से गिरकर महिला जख्मी हुई। पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ सकी।
प्रयागराज, जेएनएन। हरतालिका तीज पर संगम स्नान कर अपने पति के साथ बाइक से लौट रही महिला के गले से बदमाशों ने चेन खींच लिया। विरोध करने पर छीना-झपटी में महिला बाइक से गिरकर जख्मी भी हो गई। बदमाश फरार हैं, पुलिस उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हालांकि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा लेकिन सफलता नहीं मिली।
हरतालिका तीज पर स्नान कर पति संग बाइक से लौट रही थी महिला
बक्शी मोढ़ा की रहने वाली अंजना पाल अपने पति के साथ हरतालिका तीज पर संगम स्नान करने गई थी। वहां से शुक्रवार की देर शाम वह बाइक से पति संग घर लौट रही थी। करेली थाना क्षेत्र के रसूलपुर इलाके में बाइक सवार दो बदमाश उनके बगल में पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने अंजना के गले में झपट्टा मारकर जंजीर खींचने की कोशिश की तो अंजना ने उसे पकड़ लिया। बदमाश ने तेजी से धक्का दिया और जंजीर छीन लिया। धक्का लगने से अंजना सड़क पर गिर पड़ी। यह देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बदमाशों का कुछ लोगों ने पीछा भी किया लेकिन सफल नहीं हुए।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को नहीं मिला बदमाशों का क्लू
अंजना ने बताया कि दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। अंजना और उसके पति से बदमाशों के बाइक का नंबर पूछा, लेकिन वह नहीं बता सके। इसके बाद जिधर बदमाश भागे थे, उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, लेकिन बदमाश पकड़ से दूर ही हैं।