केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट की छात्रा का अपहरण, प्रतापगढ़ के युवक पर शक Prayagraj News
वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली लेकिन वापस घर नहीं लौटी। उसका अपहरण कर लिया गया है। उसके पीछे एक युवक पड़ा था। तभी से वह भी फरार है। उसी युवक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
प्रयागराज, जेएनएन। केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट की कक्षा नौ की छात्रा का अपहरण हो गया है। प्रतापगढ़ के एक युवक पर अपहरण का शक है। छात्रा के परिजनों ने युवक के खिलाफ शिवकुटी थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस छात्रा का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल अभी कुछ भी जानकारी नहीं मिल सकी है। इससे परिजन परेशान हैं।
फौजी की बेटी है छात्रा, स्कूल से वापस घर नहीं लौटी
सैन्य क्षेत्र के सरस्वती विहार में रहने वाले एक फौजी की 15 वर्षीय बेटी केवी ओल्ड कैंट में कक्षा नौ की छात्रा है। वह शनिवार घर से स्कूल के लिए निकली लेकिन वापस घर नहीं लौटी। खोजबीन शुरू की गई फिर भी कुछ पता नहीं चला। शाम तक परिवार के लोग परेशान हो गए। छात्रा की सहेलियों से बात करने पर पता चला कि उसके पीछे श्लोक श्रीवास्तव नाम का एक युवक पड़ा था। कई बार वह उससे मिलने के लिए कॉलेज गेट पर पहुंचा था। छात्रा ने सहेलियों से उसके बारे में बताया भी था।
प्रतापगढ़ के अंतू का रहने वाला है श्लोक भी है लापता
जिस युवक पर शक है वह प्रतापगढ़ के अंतू इलाके का रहने वाला है। वह इंटर की पढ़ाई के बाद कटरा में किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। वह भी शनिवार से ही लापता है। उसका मोबाइल नंबर भी ऑफ बता रहा है। रविवार को छात्रा के चाचा ने शिवकुटी थाने में श्लोक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया। पुलिस मोबाइल सर्विलांस के जरिए श्लोक की तलाश कर रही है। अंतू में उसके घर में भी छापेमारी की गई। थाना प्रभारी यतेंद्र भारद्वाज ने बताया कि पुलिस टीम दोनों की तलाश में लगी है।