पीआरबी टीम पर हमले में तीन नामजद समेत 40 पर केस Prayagraj News
थरवई में पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। थरवई थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में शनिवार की देर रात मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पहुंची कंट्रोल रूम की पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। वाहन के चालक को लाठी डंडे से पीटा गया। पथराव कर वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस वालों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीआरबी चालक की तहरीर पर तीन नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया गया है।
मकान निर्माण को लेकर दो पक्ष भिड़ गए थे
थरवई के रघुनाथपुर गांव में जुगनू मुसहर मकान निर्माण कार्य करा रहा था। दूसरा पक्ष मुन्ना इसका विरोध कर रहा था। मना करने पर भी जब वह नहीं माना तो जुगनू ने कंट्रोल रूम में फोन कर इस बात की सूचना दे दी। जानकारी पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
राम सिंह ने पुलिस पर हमला करने के लिए भीड़ को उकसाया
पुलिसकर्मी लोगों से बात करने ही रहे थे कि इसी बीच वहां मौजूद राम सिंह यादव ने पुलिस को मारने के लिए भीड़ को ललकारा। यह सुनते ही भीड़ पुलिस से हाथापाई करने लगी। मामला बढ़ता देख पीआरबी चालक वीरेंद्र कुमार वाहन लेकर पीछे जाने लगे तो भीड़ ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह भागे तो लोगों ने पथराव कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीआरबी प्रभारी व आरक्षी ने भाग कर बचाई जान
इसके बाद भीड़ पीआरबी प्रभारी विधु विनोद तिवारी व आरक्षी शैलेंद्र मिश्र के पीछे दौड़ी पर दोनों ने किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। इस मामले में चालक वीरेंद्र की तहरीर पर सरकारी काम में बाधा, बलवा व 7 क्रिमनल एक्ट के तहत रामङ्क्षसह यादव, मुन्ना यादव व जुगनू मुसहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले में थानाध्यक्ष थरवई कुलदीप तिवारी का कहना है कि पुलिस लोगों को समझाने गई थी लेकिन वहां हमला कर दिया गया। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होगी।