दुष्कर्म पीडि़त किशोरी की प्रयागराज पुलिस ने नहीं सुनी, कोर्ट का दरवाजा खटखटाया तो आरोपितों पर दर्ज हुआ केस
प्रयागराज के खुल्दाबाद में 30 साल के युवक ने 15 साल की किशोरी से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं किशोरी से जबरन निकाह भी कर लिया। मामले में पुलिस उदासीन रही तो पीडि़ता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर आरोपित व उसकी मां पर केस दर्ज हुआ।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में दुष्कर्म की घटनाओं को लगाम देने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। अक्सर समाज को कलंकित करने वाली वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। इतना ही नहीं कई मामलों में पुलिस की लापरवाही व उदासीनता भी बनी रहती है। ऐसा ही एक मामला नगर के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी के साथ भी हुआ। दुष्कर्म पीडि़ता को जब पुलिस से न्याय नहीं मिला तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर आरोपित और उसकी मां के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया।
खुल्दाबाद की रहने वाली किशोरी से जबरन निकाह भी किया
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी से 30 साल के युवक ने दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, नाबालिग होने के बावजूद किशोरी से जबरन निकाह किया। पीड़ित परिवार ने जब इसकी शिकायत पुलिस से की तो सुनवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अब आरोपित फारुक और उसकी मां शायना बानो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आरोपित फारुक की हरकतों में उसकी मां शायरा भी साथ देती थी
अटाला इलाके में रहने वाली एक महिला अपनी बेटी के साथ रहती है। वह चौका-बर्तन करके अपने परिवार का खर्च चलाती है। महिला के शौहर का इंतकाल हो चुका है। उसका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले फारुक ने उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद कई बार दुष्कर्म किया। फारुक की हरकतों में उसकी मां शायरा भी साथ देती थी। बेटी के बताने पर जब उसे पता चला तो शायरा बानो से शिकायत की। इस पर विपक्षी निकाह को लेकर तैयार हो गए।
इंस्पेक्टर खुल्दाबाद बोले-केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है
किशोरी की मां का यह भी आरोप है कि फारुक ने फर्जी तरीके से निकाह किया और फिर उसकी बेटी को परेशान करने लगे। थाने पर शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तब उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद विनीत सिंह का कहना है कि अदालत के आदेश पर मुकदमा लिखकर विवेचना की जा रही है।