Coronavirus के प्रति संजीदा हाें, तमाम कवायद के बाद भी मास्क लगाने में बरती जा रही लापरवाही
पुलिस द्वारा बिना मास्क लगाए घरों से निकलने वाले लोगों पर शिकंजा कसने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर दिन एक हजार से अधिक ऐसे लोगों का चालान भी हो रहा है बावजूद इसके यह संख्या नहीं घट रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सबसे मुनासिब मास्क है। लेकिन कुछ लोग इसमें भी लापरवाही बरत रहे हैं। घरों से बिना मास्क के वह निकल रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा और गहरा गया है। लोगों को जागरुक करने के लिए अफसर खुद सड़क पर उतर चुके हैं। लोगों को मास्क लगाने के साथ ही फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा जा रहा है। बार-बार हाथ को धोने की बात कही जाती है। बेवजह कोई भी वस्तु न छूने के प्रति भी जागरुक किया जा रहा है।
एक हजार से अधिक प्रतिदिन हो रहा चालान
पुलिस द्वारा बिना मास्क लगाए घरों से निकलने वाले लोगों पर शिकंजा कसने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर दिन एक हजार से अधिक ऐसे लोगों का चालान भी हो रहा है, बावजूद इसके यह संख्या नहीं घट रही है। पकड़े जाने पर लोग तमाम तरीके के बहाने भी करते हैं, लेकिन पुलिस चालान और जुर्माना वसूलने के बाद ही इनको छोड़ रही है।
खुद के साथ ही परिवार रहता है सुरक्षित
मास्क लगाने से खुद के साथ ही परिवार भी सुरक्षित रहता है। दूसरे लोग भी सुरक्षित रहते हैं। लेकिन शहर के मुख्य सड़कों और बाजारों में ऐसे लोगों की कमी नहीं है, जो इसके प्रति लापरवाह बने हुए हैं। न मास्क लगाते हैं और न ही फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हैं, जिस कारण कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है और लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं।