CoronaVirus से मुक्ति की मुहिम, RSS के एक लाख कुटुंब शाखा में उठी गूंज Prayagraj News
कोरोना से मुक्ति व संगठित शक्ति के जागरण को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का अनुष्ठान के रूप में आयोजन हुआ। इसमें हर ओर भारत माता का जयकारा गूंगा। यह अद्भुत नजारा रहा।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस से मुक्ति के लिए सामूहिक शक्ति जागरण और ब्रह्मांड में नई सात्विक शक्ति के संचार के संकल्प के साथ अखिल भारतीय स्तर पर उद्घोष हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से स्वयंसेवकों ने भारत माता की प्रार्थना का एक साथ एक स्वर में उद्घोष किया। प्रयागराज में लगभग एक लाख कुटुंब शाखा में स्वयंसेवकों की ओर से 'नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे...' के उच्चारण से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
शाखा और प्रार्थना में महिलाओं और बच्चों ने भी हिस्सा लिया
ऐसा पहली बार हुआ, जब संघ की एक घंटे की शाखा और प्रार्थना में महिलाओं और बच्चों ने भी हिस्सा लिया। इसमें स्वयंसेवकों के परिवार के लोग भी शामिल होकर संघ की कार्यशैली को करीब से देखा। प्रार्थना के पूर्व स्वयंसेवकों ने अपने-अपने घरों पर एक घंटे की कुटुंब शाखाएं लगाईं। कोरोना वायरस को लेकर मैदानों में शाखा बंद होने के बाद स्वयंसेवकों को सक्रिय करने और गतिशील बनाए रखने के उद्देश्य से संघ ने इन दिनों कुटुंब शाखा की शुरुआत की है। इसमें स्वयंसेवक घर पर एक घंटे की शाखा परिवार के साथ लगा रहे हैं। रविवार को प्रार्थना के दौरान महामारी से बचाव के लिए शारीरिक दूरी का पालन तो किया ही साथ ही मुंह पर मास्क भी पहन रखा था। प्रयाग दक्षिण, प्रयाग उत्तर के सभी 29 नगरों, खंडों में संघ की एक साथ प्रार्थना की गई।
काशी प्रांत के 19 जिलों में हजारों कार्यकर्ताओं ने अपने निवास पर प्रार्थना की
विश्व हिंदू परिषद कार्यालय पर कार्यालय प्रमुख सुनील कुमार की उपस्थिति में प्रार्थना हुई। नैनी के संघ प्रार्थना कार्यक्रम में अमित पाठक, अश्वनी मिश्र, गुरुप्रकाश राव, गौरव जायसवाल शामिल हुए। यमुनापार में प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने प्रार्थना की। काशी प्रांत के 19 जिलों में हजारों कार्यकर्ताओं ने अपने निवास पर प्रार्थना की।