प्रयागराज में बक्शी बांध आरओबी निर्माण को लेकर व्यापारियों में आक्रोश, डिप्टी सीएम ने किया था भूमि पूजन
करीब आठ सौ मीटर लंबे आरओबी निर्माण अगले साल नवंबर तक होना है। पिछले दिनों प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने बक्शी बांध आरओबी निर्माण के लिए भूमि-पूजन और शिलान्यास किया था। इस दौरान भी एलनगंज के व्यापारियों ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी।
प्रयागराज, जेएनएन। शहर के बक्शी बांध आरओबी निर्माण को लेकर एलनएंज व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। गुस्साए व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि एलनगंज की ओर आरओबी का एलाइमेंट आने से कई व्यापारियों की दुकानें तोडऩी पड़ेगी। दुकानों के तोड़े जाने के कारण उनका व्यापार चौपट हो जाएगा।
करीब आठ सौ मीटर लंबे आरओबी निर्माण अगले साल नवंबर तक होना है। पिछले दिनों प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने बक्शी बांध आरओबी निर्माण के लिए भूमि-पूजन और शिलान्यास किया था। इस दौरान भी एलनगंज के व्यापारियों ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। व्यापारियों ने बालसन चौराहे की ओर आरओबी का मार्ग जाने की बात कही थी।
एलनगंज व्यापारियों का कहना है कि बालसन की ओर निर्माण होने से उनकी दुकानें बच जाएंगी। व्यापारी अपनी समस्याओं को लेकर विधायक हर्षवर्धन बाजपेई से भी मिल चुके हैं। इस पर विधायक ने व्यापारियों से कहा था कि आरओबी निर्माण से किसी को कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। सभी का ध्यान में रखकर निर्माण किया जाएगा।
गौरतलब है कि लंबे समय से दारागंज, छोटा बघाड़ा के लोग बक्सी बांध पर आरओबी निर्माण को लेकर मांग कर रहे थे। 53 करोड़ की लागत से आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण से रेलवे फाटक को जाम मुक्त कर हो जाएगा। करीब एक लाख लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।