शादी से एक दिन पहले दुल्हन के होटल से जेवरात चोरी
सिविल लाइंस स्थित होटल से दुल्हन की शादी होने वाली है। शादी से एक दिन पहले उसके जेवरात चोरी हो गए। सीसीटीवी में चोर की करतूत कैद हुई है।
प्रयागराज : सगाई के दौरान एक शातिर बालक ने दुल्हन के जेवरात और नकदी भरा पर्स चोरों ने गायब कर दिया। शादी से एक दिन पहले हुई घटना से खलबली मच गई। पुलिस ने छानबीन की तो सीसीटीवी फुटेज में चोर की तस्वीर कैद मिली। तस्वीर के आधार पर चोर की तलाश चल रही है।
अयोध्या जिले के अंगूरीबाग में रहने वाले सुधीर गुलाटी नमकीन का कारोबार करते हैं। उनकी बेटी पारुल की सगाई गुरुवार रात सिविल लाइंस स्थित होटल केसी बैंक्वेट हॉल में हो रही थी। पारुल की मां स्वीटी के हाथ में दो पर्स थे, जिसमें 70 हजार रुपये व करीब तीन लाख के जेवरात थे। सगाई के दौरान ही उन्होंने दोनों पर्स एक जगह रख दिया। कुछ देर बाद देखा तो पर्स गायब थे।
रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को खबर दी गई। कुछ ही देर में चौकी इंचार्ज सिविल लाइंस प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे। वीडियो फुटेज और सीसीटीवी में चोर की तस्वीर मिली, जिससे पता चला कि करीब 12 वर्ष का लड़का बाहरी था। उसने नीली जैकेट व सफेद शर्ट पहनी थी। उधर, घटना से कारोबारी का परिवार व रिश्तेदार परेशान हैं। शादी शुक्रवार रात थी। पुलिस अभी तक चोर को पकड़ नहीं पायी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस शिवमंगल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है।
शादियों का सीजन शुरू होते ही सक्रिय हुआ किशोर गैंग
शादी का सिलसिला शुरू होते ही चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला किशोरों का गैंग फिर सक्रिय हो गया है। केसी होटल से पहले भी सिविल लाइंस, जार्जटाउन, करेली और खुल्दाबाद में कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। शादी व प्रीति भोज में आठ से 12 साल के बच्चे दूल्हा या दुल्हन के परिजनों का सामान गायब कर चुके हैं। बीते साल पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन लड़कों को दबोचा था।