कभी ब्वायज हाईस्कूल एंड कालेज भी था इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध Prayagraj News
प्राइवेट क्षेत्र का यह अंग्रेजी माध्यम स्कूल कभी पूरब के आक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध था। ब्वायज हाईस्कूल की स्थापना चर्च ऑफ इंग्लैंड ने इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में रह रहे यूरोपियन और एंग्लो-इंडियंस लोगों के बच्चों को क्रिश्चियन एजुकेशन प्रदान करने के लिए की गई थी।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज शहर के बीचोबीच स्थित ब्वायज हाईस्कूल एंड कालेज यहां के सबसे पुराने शिक्षा संस्थानों में से एक है। इसकी स्थापना आज से 160 साल पहले ब्रिटिश शासनकाल में 1861 में चर्च ऑफ इंग्लैंड द्वारा की गई थी। यहां से पढ़कर निकलीं तमाम प्रतिभाओं ने देश ही नहीं दुनिया में भी अपने ज्ञान और फन का परचम लहराया जिसमें महानायक व बिग बी के नाम से मशहूर फिल्म कलाकार अमिताभ बच्चन भी शामिल हैं। यह बात शायद बहुत कम लोगों को मालूम होगी कि प्राइवेट क्षेत्र का यह अंग्रेजी माध्यम स्कूल कभी पूरब के आक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध था।
क्रिश्चियन एजुकेशन के लिए हुई थी ब्वायज हाईस्कूल की स्थापना
ब्वायज हाईस्कूल की स्थापना चर्च ऑफ इंग्लैंड ने इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में रह रहे यूरोपियन और एंग्लो-इंडियंस लोगों के बच्चों को क्रिश्चियन एजुकेशन प्रदान करने के लिए की गई थी। हालांकि स्कूल में सभी तरह (धर्म व समुदाय से संबद्ध) के बच्चों को प्रवेश दिया जाता था। तेरह एकड़ क्षेत्रफल में विस्तारित यह स्कूल वर्तमान में आएससी बोर्ड से संबद्ध है। जिसमें पहली से 12वीं कक्षा तक अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होती है।
पहले स्कूल में होती थी को-एजुकेशन व्यवस्था के तहत पढ़ाई
विद्यालय के प्रधानाचार्य डेविड ल्यूक के अनुसार अपनी स्थापना के कुछ समय तक ब्वायज हाईस्कूल में को-एजुकेशन सिस्टम था यानी लड़के और लड़कियां दोनों यहां पर पढ़ते थे। कुछ समय बाद लड़कियों की पढ़ाई अलग स्कूल में होने लगी और यहां पर केवल लड़कों की ही पढ़ाई होने लगी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 16 साल तक संबद्ध रहा
ब्वायज हाईस्कूल को स्थापित करने के साथ ही यहां का प्रबंधन भी चर्च ऑफ इंग्लैंड की ओर से किया जाता था लेकिन 1898 से 1914 के मध्य लगभग 16 वर्ष तक यह स्कूल इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध रहा यानी कि विश्वविद्यालय की नियमावली, नीतियों और निर्देशों के तहत इस अवधि में स्कूल का संचालन हुआ।
अमिताभ बच्चन सहित कई नामचीन लोगों ने की है यहां पढ़ाई
बॉलीवुड के महानायक और बिग बी के नाम से मशहूर फिल्म कलाकार अमिताभ बच्चन के अलावा तमाम अन्य हस्तियों ने भी ब्वायज हाईस्कूल एंड कालेज से पढ़ाई की है। प्रधानाचार्य डेविड ल्यूक के अनुसार अमिताभ बच्चन ने यहां 1949 से 1955 तक पहली से 7वीं क्लास तक पढ़ाई की थी। इसके अलावा इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश रहे जस्टिस बीएन काटजू, डिप्लोमैट व लेखक विकास स्वरूप जिनकी पुस्तक पर फिल्म स्लम डॉग मिलेनियर बनी थी। इलाहाबाद के सांसद रहे कुंवर रेवती रमण सिंह भी यहीं से पढ़े थे जो अमिताभ बच्चन से दो साल सीनियर थे।
स्कूल की मनी थी 150वीं सालगिरह, नहीं आ सके थे अमिताभ
साल 2011 में स्कूल के 150 साल पूरे होने पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया था जिसमें स्कूल के पूर्व छात्रों को भी बुलाया गया था। अमिताभ बच्चन को भी बुलाया गया था लेकिन वे विदेश में फिल्म की शूटिंग में व्यस्त होने के कारण समारोह में नहीं आ सके थे। 150वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल बीएल जोशी ने 2013 में पोस्टल स्टैंप (डाक टिकट) भी जारी किए थे।