कौशांबी : जानिए भैंस के मुंह में कैसे फटा देशी बम, उड़ गया जबड़ा, सीओ से शिकायत
भैंस लेकर कछार की ओर गया था। भैंस ने वहां पर घास के साथ देशी बम खा लिया। जिससे उसका जबड़ा उड़ गया। भैंस के मालिक ने मामले की शिकायत सीओ से की है।
कौशांबी, जेएनएन। जिले में पूरामुफ्ती के कुरई गांव के कछार में गुरुवार शाम एक भैंस घास चर रही थी। इसी दौरान उसने देशी बम चबा लिया। जिससे बम उसके मुंह में फट गया और भैंस का जबड़ा उड़ गया। बुरी तहर जख्मी भैंस का उपचार कराने के बाद भैंस के मालिक ने इसकी शिकायत पूरामुफ्ती पुलिस से की। आरोप है कि पुलिस ने उसे भगा दिया।
शिकायत लेकर थाने पहुंचे भैंस मालिक को पुलिस ने भगाया
थाने से निराश भैस मालिक सीओ कार्यालय पहुंचा और उसने सीओ से मामले की शिकायत की है। रई गांव निवासी राजकुमार किसान है। उसने भैंस पाल रखी है।
घास में पडा था देशी बम, भैंस ने घास के साथ खा लिया
गुरुवार की शाम वह भैंस लेकर कछार की ओर गया था। भैंस ने वहां पर घास के साथ देशी बम खा लिया। जिससे उसका जबड़ा उड़ गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कछार में अक्सर लोग जंगली जानवरों के शिकार के लिए पोटाश आदि से तैयार किए गए हथगोले रख देते हैं। राजकुमार शुक्रवार को पूरामुफ्ती पुलिस के पास प्रकरण की तहरीर देने गया तो पुलिस ने उसे भगा दिया। इस पर उसने पूरे मामले की शिकायत सीओ चायल से की है।
बछड़े को निगल गया अजगर, दहशत में लोग
जिले में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नादिन का पूरा गांव के बाहर धान के खेत से निकले दस फिट लंबे अजगर ने मेड़ पर चर रहे बछड़े को निगल लिया। आस-पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने देखा तो वह दहशत में आ गए। जानकारी पर वन विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ लिया।
खनवारी गांव निवासी बुदुन के नलकूप के पास शुक्रवार की सुबह खेत की मेड़ पर बछड़ा चर रहा था। तभी धान के खेत से निकले दस फिट लंबे अजगर ने बछड़े को निगल लिया। आस-पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने देखा तो वहां अफरा-तफरी सी मच गई। लोग एक दूसरे को इसके बारे में जानकारी देने लगे। थोड़ी ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने अजगर को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुई। इसके बाद जानकारी वन विभाग की टीम को दी गई।