भाजपा पदाधिकारियों ने कहा-CAA अन्याय से मुक्ति दिलाएगा Prayagraj News
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भाजपा ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को कानून की जानकारी दी गई वहीं हस्ताक्षर और मिस्ड कॉल भी कराया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यक के साथ वहां के बहुसंख्यक समाज द्वारा अतीत में किए गए अन्याय से मुक्ति दिलाने और प्रायश्चित का नाम है। सीएए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिया गया साहसिक निर्णय है। अब हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, ईसाई समाज को न तो संघर्ष करना पड़ेगा और न ही अपमान की पीड़ा झेलनी पड़ेगी। यह कहना है कि बातें भाजपा के महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहीं।
भाजपा का जनजागरण अभियान
सीएए को लेकर भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता इन दिनों जनजागरण अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पड़ोसी देशों में धार्मिक आधार पर अल्पसंख्यक समाज पर बहुसंख्यक समाज द्वारा किए गए भेदभाव को निंदनीय बताया। कहा कि घुसपैठ एक राष्ट्रीय चुनौती है और इससे बहुत ही जल्द भारतवासियों को निजात मिलेगी। पूर्व महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं के साथ मुट्ठीगंज एवं कोठापार्चा क्षेत्र में सीएए के बारे में लोगों को जानकारी दी और समर्थन में मोबाइल से मिस्ड कॉल कराया। इसी प्रकार भाजपा नैनी मंडल की ओर से चकदौंदी मोहल्ले में सीएए के समर्थन में कैंप लगाया गया। इसमें मुख्य अतिथि महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी और महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के नेतृत्व में हस्ताक्षर कराया गया।
दुर्गा वाहिनी देगी जवाब
माघ मेला स्थित विश्व ङ्क्षहदू परिषद के शिविर में दुर्गा वाहिनी के दो दिनी राष्ट्रीय वर्ग के समापन सत्र में क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश कुमार ने कहा कि सीएए के समर्थन में मातृ शक्ति उतरें। सीएए के विरोधियों को जवाब दें।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश आज आएंगे
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश शुक्रवार को दिल्ली से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह शाम चार बजे मेडिकल कॉलेज में सीएए के समर्थन में आयोजित गोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता भाग लेंगे। रात में वे ट्रेन से कोलकाता चले जाएंगे।
सीमांत गांधी ने एकता व धर्म निरपेक्षता के लिए किया था संघर्ष
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में रोशन बाग के मंसूर अली पार्क में धरना-प्रदर्शन चल रहा है। इसमें स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान देने वाले खान अब्दुल गफ्फार खां को उनकी जन्मतिथि पर याद कर श्रद्धांजलि दी गई। धरना स्थल पर लोग सीमांत गांधी के नाम से चर्चित रहे खान की बड़ी तस्वीरें थामे हुए थे। लोगों का कहना था कि सीमांत गांधी ने भारत की एकता और धर्म निरपेक्षता के लिए संघर्ष किया था। मगर मौजूदा हालत यह हैैं कि सीएए जैसे कानून लागू कर धर्म और समुदाय के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है। यह पूरे समाज के लिए खतरनाक है। खान अब्दुल गफ्फार खां की विचार धारा पर अमल करने से ही देश में अमन और शांति बरकरार होगी। मंसूर अली पार्क में मरियाडीह, उमरी, झापिया, बमरौली, असरौली, हटवा समेत शहर पश्चिमी के कई गांव से जुलूस में महिलाएं पहुंचीं। वे सीएए विरोधी तथा इंकबाल जिंदाबाद के नारे लगा रही थीं।