जवाहर हत्याकांड : भाजपा नेताओं ने विधायक नीलम करवरिया का फोन कर बढ़ाया हौसला Prayagraj News
करवरिया बंधुओं को जवाहर पंडित हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा मिली है। उधर भाजपा के नेताओं व संगठन के पदाधिकारियों ने विधायक नीलम की हौसला आफजाई की है।
प्रयागराज, जेएनएन। पूर्व विधायक जवाहर पंडित हत्याकांड में करवरिया बंधुओं को सजा सुनाए जाने के बाद भाजपा के कई बड़े नेताओं ने विधायक नीलम करवरिया को फोन कर हाल जाना। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी करवरिया परिवार के साथ है। पार्टी के कई नेता, विधायक और सांसद करवरिया की कोठी पर भी पहुंचे। नेताओं ने करवरिया के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और साथ होने का एहसास दिलाया।
करवरिया बंधुओं को आजीवन कारावास की सजा मिली है
सिविल कोर्ट में करवरिया बंधुओं को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद इलाहाबाद की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी पार्टी के कई पदाधिकारियों व नेताओं के साथ मेजा से भाजपा विधायक नीलम करवरिया से मिलने पहुंचीं। वह काफी देर तक नीलम करवरिया के आवास पर रहीं। डॉ. जोशी ने नीलम के साथ ही पूर्व सांसद कपिलमुनि करवरिया की पत्नी कल्पना और पूर्व एमएलसी सूरजभान करवरिया की पत्नी नम्रता से भी मिलीं। इसके बाद काफी देर तक नीलम करवरिया से अकेले में भी बात की। भाजपा के यमुनापार अध्यक्ष शिवदत्त पटेल और महामंत्री प्रह्लïलाद भी पहुंचे।
सांसद ने करवरिया बंधुओं से जेल में मुलाकात की
उधर, कौशांबी के सांसद विनोद सोनकर सेंट्रल जेल में कपिलमुनि, उदयभान और सूरजभान से मिलकर उनका हाल जाना। जेल में शहर, यमुनापार और कौशांबी के काफी लोग करवरिया बंधुओं से मुलाकात करने सेंट्रल जेल नैनी पहुंचे थे। पार्टीजन उनके आवास पर पहुंचकर विधायक नीलम करवरिया से मिले। अतरसुइया के खुशहाल पर्वत स्थित नीलम करवरिया के आवास पर दिन भर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। नीलम करवरिया ने बताया कि मंगलवार को सुबह से लखनऊ और दिल्ली से पार्टी के कई बड़े नेताओं ने हाल जाना।