एक बार फिर एमएलसी की दौड़ में यज्ञदत्त, भाजपा कार्यकर्ताओं ने झोंकी ताकत Prayagraj News
भाजपा महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर यज्ञदत्त शर्मा को लगातार पांचवीं बार जीत दिलाकर पार्टी के ऋण को चुकता करेंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। यज्ञदत्त शर्मा एक बार फिर एमएलसी की दौड़ में सामने आए हैं। चार बार से विधान परिषद सदस्य बन रहे यज्ञदत्त शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने पांचवी बार भी प्रयागराज-झांसी स्नातक क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। उनके समर्थन में उत्साह के साथ प्रयागराज-झांसी स्नातक क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता जुट गए हैं।
सर्किट हाउस में हुई बैठक में हुआ विमर्श
सर्किट हाउस में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं की इस संबंध में बैठक हुई। इसमें यज्ञदत्त को एमएलसी बनाने के लिए रणनीति तय की गई। भाजपा महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने कहा कि प्रयागराज के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव का विषय है, जिन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का मस्तक ऊंचा करने का सदैव कार्य किया है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है। कार्यकर्ता एकजुट होकर उन्हें लगातार पांचवीं बार जीत दिलाकर पार्टी के ऋण को चुकता करेंगे। विधायक यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता विजय संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरें। उनकी मेहनत से सफलता पुन: उनके कदम चूमेगी। महानगर अध्यक्ष समेत अन्य पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर गिरीबाबा, कुंज बिहारी मिश्रा, राघवेंद्र मिश्रा, नरेंद्र देव पांडेय, मुरारी लाल अग्रवाल, शशि वाष्र्णेय, आशीष गुप्ता, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, अजय शर्मा मौजूद रहे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप आज आएंगे
पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य शिव प्रताप शुक्ल रविवार की शाम लगभग चार बजे प्रयागराज आएंगे। पार्टी नेता देवेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि जौनपुर में पदयात्रा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से वह सर्किट हाउस पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। सोमवार को वह गोरखपुर के लिए रवाना होंगे। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने दी है।