बक्शी बांध आरओबी की फाइल शासन को भेजी गई Prayagraj News
बक्शी बांध बड़ी बगिया सलोरी और आइईआरटी रेलवे क्रासिंग पर जाम भी लग जाता है। सुबह और शाम को ज्यादा दिक्कत होती है।
प्रयागराज, जेएनएन : बक्शी बांध, बड़ी बगिया सलोरी और आइईआरटी रेलवे क्रासिंग बंद होने पर लोगों को होने वाली असुविधा से राहत देने के लिए वहां पर दो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम दोनों आरओबी का निर्माण करवाएगा। सेतु निगम ने बक्शी बांध आरओबी की फाइल स्वीकृति के लिए शासन को भेज दी है। बड़ी बगिया सलोरी आरओबी के लिए सेना जमीन देने के लिए राजी हो गई है।
छोटा बघाड़ा, राम प्रिया रोड, बड़ी बगिया सलोरी आरओबी, सलोरी, गायत्री नगर, ऊंट खाना, काटजू बाग कालोनी के लोग रेलवे क्रासिंग बंद होने पर परेशान होते हैं। बक्शी बांध, बड़ी बगिया सलोरी और आइईआरटी रेलवे क्रासिंग पर जाम भी लग जाता है। सुबह और शाम को ज्यादा दिक्कत होती है। क्योंकि कई ट्रेनों को निकालने के चक्कर में काफी समय तक रेलवे क्रासिंग बंद हो जाती है। लोग वहीं पर फंसे रह जाते हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक आरके सिंह का कहना है कि बक्शी बांध पर बनने वाले आरओबी की फाइल शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने पर उसका काम शीघ्र शुरू हो जाएगा। बड़ी बगिया सलोरी आरओबी के लिए सेना जमीन देने को तैयार हो गई है। हमारी कोशिश है कि उसका काम भी जल्द शुरू किया जा सके। इससे सलोरी, बघाडा, गोविंदपुर, कैलाशपुरी समेत आसपास के कई मोहल्ले के लाेगों को काफी राहत मिलेगी।
कितना लंबा होगा आरओबी और कितना है बजट :
-45 करोड़ की लागत से बनेगा बक्शी बांध आरओबी
-734 मीटर लंबा होगा बक्शी बांध आरओबी
-60 करोड़ की लागत से तैयार होगा बड़ी बगिया सलोरी आरओबी
-715 मीटर कुल लंबाई होगी बड़ी बगिया सलोरी आरओबी की।