Ayodhya Ram Mandir : अयोध्या जा रहे अमरावती मठ के पीठाधीश्वर को पुलिस ने रोका, एडीजी ने सहर्ष जाने दिया
Ayodhya Ram Mandir एसपी ने कहा कि इस आमंत्रण पत्र पर सिर्फ दो लोग ही जा सकते हैं जबकि महाराज के साथ चार लोग हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। अयोध्या जा रहे अमरावती (महाराष्ट्र) के पीठाधीश्वर को आधे घंटे तक पडोसी जनपद प्रतापगढ़ के छीड़ा बार्डर पर रोके रखा गया। हालांकि बाद में सूचना मिलने पर एडीजी मौके पर पहुंचे और उन्हें अयोध्या के लिए रवाना किया। पुलिस सिर्फ उन्हें ही सुल्तानपुर जाने दे रही थी, जिनके पास अयोध्या आने का आमंत्रण पत्र था।
सुल्तानपुर बार्डर पर पुलिस ने रोका
अयोध्या में पांच अगस्त को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होना है। सुरक्षा के लिहाज से सुल्तानपुर बार्डर पर एसपी अभिषेक सिंह मंगलवार को पुलिस फोर्स के साथ खड़े थे। इस दौरान श्रीनाथ पीठदेवनाथ मठ अमरावती (महाराष्ट्र) के स्वामी जितेंद्रनाथ महाराज कार से पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोक लिया। उनके चालक ने मौके पर मौजूद एसपी अभिषेक सिंह को विहिप के चंपत राय द्वारा महराज को भेजे गए भूमि पूजन का आमंत्रण पत्र दिखाया।
सूचना पर एडीजी जोन ने उन्हें अयोध्या के लिए सहर्ष रवाना किया
एसपी ने कहा कि इस आमंत्रण पत्र पर सिर्फ दो लोग ही जा सकते हैं, जबकि महाराज के साथ चार लोग हैं। महाराज के शिष्यों ने एक वरिष्ठ अधिकारी से बात भी कराई लेकिन एसपी नहीं माने। कुुछ देर बाद एडीजी प्रेम प्रकाश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरा मामला समझा। इसके बाद एडीजी जोन प्रेम प्रकाश ने एक अधिकारी से बात की, फिर अमरावती (महाराष्ट्र) के स्वामी जितेंद्रनाथ महराज को अयोध्या जाने दिया गया।