किशोरी की हत्या का प्रयास, थाने में किया हंगामा
इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज ने उसके परिवार वालों को बुलाया। उसे घर भेजने का प्रयास किया गया तो किशोरी ने हंगामा शुरू कर दिया।
प्रयागराज : कौशांबी जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रपंच में फंसी किशोरी को पिता ने जान से मारने का प्रयास किया तो उसने थाने पहुंचकर हंगामा काटा और घर न जाने की बात कही। पुलिस ने उसे किसी तरह समझाकर उसको रिश्तेदार के घर भेजवा दिया है। किशोरी का थाने में करीब एक घंटे तक हंगामा चला।
पिपरी इलाके की एक किशोरी गांव के ही एक युवक से प्रेम करती है। वह कक्षा 10 की छात्रा है। इसकी जानकारी परिवार वालों को हुई तो उन्होंने किशोरी को मना भी किया। इसके बावजूद वह चोरी-छिपे अपने प्रेमी से मिलती रही। किशोरी का कहना है कि उसके पिता ने रविवार की दोपहर उसकी जमकर पिटाई की और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। किसी तरह चंगुल से छूटी किशोरी भागकर अपनी सहेली के गांव सरायअकिल इलाके में पहुंच गई।
वह पूरी रात सहेली के घर पर रही। सोमवार की सुबह वह पिपरी थाने पहुंच गई और खुद के हत्या की आशंका जाहिर करते हुए घर पर रहने से इन्कार कर दिया। इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज ने उसके परिवार वालों को बुलाया। उसे घर भेजने का प्रयास किया गया तो किशोरी ने हंगामा शुरू कर दिया। मामले की लिखित शिकायत न मिलने के कारण किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। भूमि विवाद में पूर्व प्रधान की पत्नी लहूलुहान :
सैनी के नब्बे डोरमा गांव में भूमि विवाद को लेकर पूर्व प्रधान की पत्नी को हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शिकायत पुलिस से की है। नब्बे डोरमा निवासी चंद्रशेखर यादव पूर्व प्रधान हैं। उनका गांव के ही एक व्यक्ति से भूमि विवाद की रंजिश चली आ रही है। इसे लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है। सोमवार को चंद्रशेखर की पत्नी सरोज देवी खेत की तरफ गई हुई थी। इस बीच विपक्षी अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। सरोज देवी ने विरोध किया तो हमलावरों ने जमकर पिटाई की। आसपास खेतों में रहे लोगों ने ललकारा तो हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनसीआर दर्ज किया।