राउरकेला और खडगपुर में MNNIT की एथलेटिक्स टीम का दबदबा Prayagraj News
बालिकाओं की 800 मी. दौड़ में अंकिता हैमर थ्रो में श्रेया व चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में सरन्या सत्यावलु इशा यादव अंकिता साक्षी ने स्वर्ण व कांस्य पदक प्राप्त किया।
प्रयागराज, जेएनएन। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) के खिलाडिय़ों ने राउरकेला और खडगपुर में अपने खेल का जलवा बिखेरा है। संस्थान की एथलेटिक्स टीम ने वार्षिक खेलकूद में एनआइटी राउरकेला में पांच स्वर्ण पदक, दो रजत और चार कांस्य पदक झटके।
बालिकाओं की 800 मीटर दौड़ में अंकिता को स्वर्ण पदक मिला
बालिका वर्ग की 800 मीटर की दौड़ में अंकिता वर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। हैमर थ्रो में श्रेया यादव ने स्वर्ण, चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में सरन्या, सत्यावलु, इशा यादव, अंकिता वर्मा, साक्षी दुबे ने स्वर्ण और कांस्य पदक झटका। इसके अलावा 3000 मीटर दौड़ में अलंकृति ने रजत पदक प्राप्त किया।
बालकों की भाला फेंक में सचिन को स्वर्ण पदक
वहीं, बालक वर्ग के भाला फेंक में अमित कुमार को कांस्य पदक, हैमर थ्रो में अरुण ने दो कांस्य पदक और सचिन कुमार ने एक स्वर्ण पदक प्राप्त किया। ऊंची कूद में पवन और रोहित ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके अलावा चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में सोमा अरुण, चंदन, अमन वर्मा आदि ने रजत पदक हासिल किया। इसी तरह, आइआइटी खडगपुर के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव में बेहतरीन प्रदर्शन कर एमएनएनआइटी के होनहारों ने दूसरी बार स्प्रिंगफेस्ट-2020 जीत लिया। संस्थान के प्रतीक चंद्र सिंह, अर्पूवा अवस्थी, विष्णु बाटला, चिराग ठाकुर, अमीषा अग्रवाल, ऋषभ जैन, शिलादित्य गंगोपाध्याय, शिवम कपूर, स्नेहा सिंह आदि ने हिस्सा लिया था।
जिम्नास्टिक में यूपी की टीम अव्वल
खेलगांव पब्लिक स्कूल में 55वीं जूनियर आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में यूपी टीम अव्वल रही। टीम में पुरुष वर्ग में वॉल्टिंग टेबल, रोमन रिंग, हॉरिजेंटल बार्स, फ्लोर एक्सरसाइज और महिला वर्ग में वॉल्टिंग टेबल, अनइवेन बार्स, बैलेसिंग बीम और फ्लोर एक्सरसाइज प्रतियोगिताएं कराई गईं।
महाराष्ट्र को दूसरा और पश्चिम बंगाल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ
अंडर-17 आयु बालक वर्ग में यूपी की टीम 347.45 अंक के साथ प्रथम, 330.05 अंक प्राप्त कर महाराष्ट्र द्वितीय और 318.70 अंक प्राप्त कर पश्चिम बंगाल तीसरे स्थान पर रहे। पांच वर्ष की आयु वर्ग में 194.15 अंक के साथ महाराष्ट्र प्रथम, 189.05 अंक प्राप्त कर पश्चिम बंगाल द्वितीय और 184.25 अंक प्राप्त कर उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता का समापन 31 जनवरी को होगा। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव अनिल मिश्र ने बताया कि इसमें देशभर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।