चीन से लौटने पर एथलीट खुशबू का हुआ जोरदार स्वागत
खुशबू ने पांच किलोमीटर की क्रास कंट्री रेस व तीन किलोमीटर स्टीपेल चेज में गोल्ड मेडल और 1500 मीटर दौड़ व रिले दौड़ में सिल्वर मेडल जीता था। वह चीन से लौटकर आज अपने घर पहुंची।
प्रयागराज, जेएनएन : चीन में दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीतकर घर लौटी एथलीट खुशबू गुप्ता का रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया। सम्मान में लोगों ने रोड शो निकाला। देश के लिए कामयाबी दिलाने वाली लाडली को अपने बीच पाकर गदगद हो गए।
पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ के दहिलामऊ मोहल्ले की रहने वाली खुशबू गुप्ता एसएसबी दिल्ली में कांस्टेबिल हैं। वह इस महीने में चीन के चेंगडू शहर में आयोजित विश्व पुलिस और फायर गेम्स में प्रतिभाग करने गईं थी। वहां खुशबू ने पांच किलोमीटर की क्रास कंट्री रेस व तीन किलोमीटर स्टीपेल चेज में गोल्ड मेडल और 1500 मीटर दौड़ व रिले दौड़ में सिल्वर मेडल जीता था। वह चीन से लौटकर 20 अगस्त को दिल्ली पहुंची। उन्हें शनिवार को यहां घर आना था। हालांकि बटालियन से निकलने में देर होने के कारण उनकी ट्रेन गरीब रथ छूट गई। इसके बाद वह दूरंतो ट्रेन से शनिवार को भोर में प्रयागराज पहुंची। इसके बाद वहां से सड़क मार्ग से चलकर सुबह लगभग साढ़े सात बजे रेलवे स्टेशन पहुंची क्योंकि कोच, खिलाड़ी और स्वागत करने वाले लोग स्टेशन पर इंतजार कर रहे थे।
रेलवे स्टेशन पर एलायंस क्लब इंटरनेशनल की टीम ने इंटरनेशनल एडवाइजर रोशनलाल उमरवैश्य और बाल कल्याण समिति के सदस्य दयाराम मौर्य की अगुवाई में खुशबू का स्वागत किया। उन्हें शाल और स्मृति चिह्न प्रदान करके सम्मानित किया। यही नहीं खुशबू के कोच मनोज पाल को भी सम्मानित किया। बेटी का सम्मान देख पिता राम आसरे गुप्ता, मां गुलाबा देवी, दादा शिवराम, दादी रमराजी देवी और सभी बहनें गदगद हो गईं। इसके बाद खुशबू के सम्मान में रोड शो निकाला गया। वह चौक होते हुए पुलिस लाइन तिराहे पर पहुंची और सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद आंबेडकर चौराहे पर रुककर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। खुशबू घर पहुंची तो बधाई देने वालों का तांता लग गया। दोपहर बाद खुशबू ने मंदिर जाकर मां बेल्हा देवी के चरणों में मत्था टेका।
बातचीत में खुशबू ने कहा कि पहली बार अंतरराष्ट्रीय गेम में दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीतने पर उन्हें गर्व महसूस हुआ। यह सोचकर खुशी हुई कि मेरी मेहनत से देश के खाते में चार मेडल गए। खिलाडिय़ों को संदेश देते हुए खुशबू ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति मन में डाल लें तो कामयाबी उसका कदम चूमेगी।