Move to Jagran APP

चांद रात पर पूरी रात खुले रहे बाजार, उमड़ी भारी भीड़

चांद की तस्दीक हो गई। सारी रात खरीदारी हुई। कल ईद मनाई जाएगी। ईद की खुशी में मुस्लिम इलाके सराबोर हैं। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में उल्लास का माहौल है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Published: Tue, 04 Jun 2019 10:04 PM (IST)Updated: Tue, 04 Jun 2019 10:04 PM (IST)
चांद रात पर पूरी रात खुले रहे बाजार, उमड़ी भारी भीड़
चांद रात पर पूरी रात खुले रहे बाजार, उमड़ी भारी भीड़

प्रयागराज, जेएनएन। मंगलवार रात 29 के चांद की तस्दीक हो गई है। जामा मस्जिद समेत शहर की अन्य मस्जिदों से रात में चांद दिखने का एलान हो गया। ईद का चांद नजर आने पर मुस्लिम इलाके ईद की खुशी से सराबोर हो गए। बुधवार की सुबह ईदगाह समेत शहर और देहात की मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। चांदरात पर बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरी रात बाजार खुले रहे। ईद की तैयारियों की वजह से मुस्लिम इलाके पूरी रात रौशन रहे।

loksabha election banner

29 के चांद की उम्मीद ज्यादा थी

इस बार 29 के चांद की उम्मीद ज्यादा थी। मंगलवार को सऊदी अरब में ईद मनाए जाने के बाद तय था कि 29 का चांद नजर आएगा। मगरिब की नमाज के बाद लाखों लोगों ने मस्जिद और घरों की छतों से चांद देखा। चांद नजर आने को लेकर कुछ असमंजस रहा। ऐसे में दिल्ली, लखनऊ, बरेली और वाराणसी से लोग संपर्क कर चांद के बारे में तस्दीक करते रहे। चौक स्थित जामा मस्जिद, वसीउल्ला मस्जिद और शिया जामा मस्जिद पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जश्न का माहौल, बाजार में देर रात तक रौनक 

तस्दीक के बाद शहर काजी शफीक अहमद शफीकी ने चांद दिखने का एलान किया। इसके बाद पुराने शहर में पटाखे फूटने लगे। धीरे-धीरे शहर की सभी मस्जिदों में ईद के चांद की तस्दीक करते हुए नमाज के वक्त का एलान होने लगा। चांद का एलान होते ही चौक, घंटाघर, रोशनबाग, नूरुल्ला रोड, कोठा पारचा, कटरा, सिविल लाइंस में चांद रात की रौनक नजर आने लगी। चौक, रोशनबाग समेत कई बाजारों में तो आधी रात तक हजारों की भीड़ रही। चौक, लोकनाथ, बजाजा पट्टी, नखासकोहना, नूरुल्ला रोड पर भारी भीड़ की वजह से जाम लगा रहा। मुस्लिम औरतों की भीड़ चूड़ी और गहनों की दुकान पर खरीदारी करती रही। कुर्ता, टोपी, चप्पल आदि की दुकानों पर भारी भीड़ रही। सभी बाजारों में सेवईं, खोवा, मेवा की खरीदारी चलती रही। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, आरएएफ भी लगी

ईद के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुराने शहर में पुलिस और आरएएफ की तैनाती की गई है। चांद रात पर ही मिलीजुली आबादी वाले इलाकों में पुलिस गश्त करने लगी। ईदगाह समेत शहर की सभी मस्जिदों के आसपास फोर्स तैनात की गई है। नमाज के वक्त पुलिस अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में गश्त करेंगे। 

मुस्लिम इलाकों में बंधे लाउडस्पीकर

ईद का चांद नजर आते ही मंगलवार रात तमाम मुस्लिम इलाकों में लाउडस्पीकर बंध गए। रमजान मुबारक माह में जहां कव्वाली बज रही थी, वहीं ईद पर गाने बजाने का दौर शुरू हो गया। करेली, अटाला, रसूलपुर, नूरुल्ला रोड, रानीमंडी, दरियाबाद, बहादुरगंज, शाहगंज, मिन्हाजपुर, अकबरपुर, निहालपुर, चकिया, हटिया आदि मुहल्ले में छोटे बच्चे डांस करते नजर आए।

कब कहां होगी नमाज

ईदगाह - सुबह 9.00 बजे

जामा मस्जिद चौक - 9.00 बजे

जानसेनगंज मस्जिद - 7.15 बजे

सोहबतियाबाग गाजी मियां रौजा - 9.00 बजे

सेंवई मंडी मस्जिद - 9.00 बजे

अब्दुल्ला मस्जिद, रेलवे स्टेशन - 8.30 बजे

बड़ी मस्जिद निहालपुर - 8.00 बजे

पीएसी मस्जिद धूमनगंज - 8.30 बजे

अबूबकर मस्जिद करेली - 6.00 बजे

मस्जिद हाजरा चकिया - 7.15 बजे

शिया जामा मस्जिद चक - 10.00 बजे

वसीउल्ला मस्जिद, रोशनबाग - 8.30 बजे

हरी मस्जिद नूरुल्ला रोड - 8.45 बजे

नूरी मस्जिद अकबरपुर - 8.30 बजे

खानकाहे अजमली, दायराशाह अजमल - 10.30 बजे

मस्जिद सदर बाजार - 8.30 बजे

मस्जिद नखासकोहना - 8.00 बजे

मदीना मस्जिद जानसेनगंज - 9.30 बजे

मस्जिद मखदूम शाह, जानसेनगंज - 8.00 बजे

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.