पैसों के झगड़े में प्रतापगढ़ में पशु व्यापारियों ने की फायरिंग, गोली लगने से एक युवक घायल, हमलावर फरार
रविवार शाम पशु व्यापारियों ने फायरिंग कर दी जिसमें गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलाने का आरोपित अपनी जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में कूद पड़ा। जिस घर में वह घुसा था उस परिवार के लोग दो घंटे दहशत में रहे।
प्रयागराज, जेएनएन। पैसों के लेन देन को लेकर रविवार की शाम पशु व्यापारियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलाने का आरोपित अपनी जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में कूद पड़ा। जिस घर में वह घुसा था, उस परिवार के लोग दो घंटे दहशत में रहे। दूसरी ओर, पुलिस फायरिंग होने तथा किसी युवक के गोली लगने से साफ इन्कार कर रही है।
गोली चलाने का आरोपित युवक पड़ोसी के घर मेंं कूदा
जैतीपुर कठार अंतू निवासी अब्दुल, लड्डू पशु के व्यापारी है। यह हिमांशु, डेविड व संतोष निवासी कोहंडौर के साथ पशु का व्यापार करते हैं। रविवार की शाम करीब पांच बजे कोहंडौर के व्यापारी अंतू थाना के रमगढ़वा लोहंगपट्टी गांव में आए थे। इस दौरान पैसे के लेनदेन में दोनों पक्ष में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग शुरू कर दी गई, जिससे गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। फायरिंग के बीच हिमांशु पड़ोस में चंदन मिश्रा के घर में घुस गया। चंदन के परिवार वालों से विवाद होने पर वह छत से होकर पूर्व प्रधानाध्यापक शारदा प्रसाद मिश्रा के घर में घुस गया।
पुलिस ने दो युवकों को लिया हिरासत में, कर रही पूछताछ
शारदा प्रसाद के स्वजन घर से निकल आए और बाहर से दरवाजा बंद कर लिए। करीब दो घंटे तक शारदा मिश्रा के परिवार के लोग दहशत में रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस हिमांशु सहित दो युवकों को हिरासत में ले लिया। फायरिंग से घटनास्थल पर दहशत का माहौल रहा।ग्रामीणों ने बताया कि एक युवक को गोली लगी है, लेकिन पुलिस ऐसी किसी जानकारी से इन्कार कर रही।
एसओ अंतू अर्जुन सिंह यादव कहना है कि गोली चलने की बात गलत है। दो पक्ष में विवाद हुआ था। दो लोगों को हिरासत में लेकर घटना की छानबीन की जा रही है।