Allahabad University ने जारी किए प्रतियोगिताओं के परिणाम, इन छात्र-छात्राओं को मिली विजयश्री
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में सत्य प्रकाश शुक्ला अव्वल रहे। वहीं छात्रा वर्ग में हर्षिता त्रिपाठी प्रथम विजेता बनीं। पोस्टर निमार्ण प्रतियोगिता में आदित्य नारायण यादव को विजयश्री मिली।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2021 के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम जारी कर दिए। यह आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित किया गया था। हिंदी विभाग के प्रोफेसर संतोष भदौरिया और दृश्य कला विभाग के प्रोफेसर अजय जेटली को प्रतियोगिता का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था।
इन छात्र-छात्राओं ने लहराया परचम
वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में सत्य प्रकाश शुक्ला प्रथम एवं वैभव त्रिपाठी द्वितीय रहे। छात्रा वर्ग में हर्षिता त्रिपाठी प्रथम एवं अवंतिका सिंह द्वितीय रहीं। पोस्टर निमार्ण प्रतियोगिता में आदित्य नारायण यादव प्रथम एवं भीम सिंह द्वितीय रहे। तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में राशि पांडेय प्रथम एवं देवेंद्र प्रताप सिंह, शिखा शुक्ला संयुक्त रूप से द्वितीय रहे। निबंध लेखन में संस्कृति सिंह, अंकित कुमार यादव संयुक्त रूप से प्रथम रहे। जबकि, सत्या मिश्रा एवं शिखा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। स्वरचित कविता पाठ में अनुराग प्रेमचंद तिवारी प्रथम एवं मीता पांडेय द्वितीय स्थान पर रहीं।
पुरा छात्र व कवि यश मालवीय सम्मानित
इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के कला संकाय की ओर से निराला सभागार में पुरा छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। संकाय के अध्यक्ष प्रोफेसर हेरंब चतुर्वेदी ने कवि और गीतकार यश मालवीय को राष्ट्रीय स्तर पर इविवि और कला संकाय का मान बढ़ाने पर सम्मानित किया। इस दौरान डा. अंकिता मालवीय, डा. सूर्य नारायण, प्रो. अजय जेटली, प्रो. अनीता गोपेश, प्रो. अली अहमद फातमी, डा. श्लेष गौतम, डा. विवेक निराला आदि उपस्थित रहे।