Prayagraj Weather Forecast : फिर आसमान पर छाए बादल, जानें आज के मौसम का हाल
Prayagraj Weather Forecast मौसम ठंड की ओर अग्रसर हो रहा है। आसमान में बादल छा गए हैं और मौसम सुहावना है। सुबह और रात में हल्की ठंड का अभी से एहसास होने लगा है। बदलते मौसम में शरीर को स्वस्थ रखना लोगों के लिए आवश्यक है।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम में तेजी से बदलाव नजर आने लगा है। और हो भी क्यों न सितंबर का महीना बीत चुका है और अक्टूबर की आज पांचवीं तारीख है। सोमवार की दोपहर प्रयागराज के आसमान पर बादल छाने लगे हैं। हालांकि बादल सुबह से थे लेकिन हल्के। अब बादल घने हो रहे हैं। ऐसे में रिमझिम बारिश की भी संभावना है। हालांकि बादलों और सूर्य में लुकाछिपी का भी खेल चल रहा है।
सुबह और रात में मौसम की तब्दीली नजर आ रही है
अक्टूबर में मौसम में तब्दीली नजर आने लगी है। सुबह और रात में कूलर की हवा भी हल्के ठंड का एहसास करा रही है। घर में तो पता नहीं चलता लेकिन सुबह और रात में दो पहिया वाहनों से बाहर निकलने वालों को इसका एहसास होता है। वहीं दोपहर में सूर्य की गर्मी तेज रहती है। ऐसा ही कुछ रविवार तक नजर आया। दोपहर में तेज धूप थी। वहीं सोमवार की सुबह से आसमान में हल्के बादल नजर आने लगे लेकिन उससे प्रभाव नहीं पड़ा।
ठंड के महीने की शुरूआत नजर आ रही
सोमवार की दोपहर में अचानक बादलों के झुंड की आवाजाही बढ़ गई। इससे बीच-बीच में सूर्य को भी बादल ढंक दे रहे हैं। कहा जा रहा है कि जाते-जाते बादल संभव है कि हल्की बारिश करके ही लौटें। इसके बाद ठंड की शुरूआत की भी संभावना जताई जा रही है। फिलहाल इस समय मौसम सुहावना हो गया है।
बदलते मौसम में सावधान रहने की जरूरत है
ठंड की ओर अग्रसर हो रहे इस मौसम में लोगों को शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बचाव की भी जरूरत है। ऐसे मौसम में घर-घर खांसी, जुकाम व बुखार जैसी बीमारियों ने भी पैर पसार लिया है। ऐसे में लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। एहतियात बरतने की आवश्यकता है। बच्चों और वृद्धों को अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है।