Prayagraj Weather Update : सुबह तक हुई बारिश, आसमान में छाए हैं बादल, अगले 24 घंटे ऐसा रहेगा मौसम
Prayagraj Weather Update जनपद में मौसम सुहाना है। आसमान पर बादल छाए हुए हैं और सुबह तक रिमझिम बारिश हुई। अगले 24 घंटे में भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं किसानों के लिए बारिश राहत भरी रही।
प्रयागराज, जेएनएन। चार दिनों से आसमान पर घने और काले बादल छाए हैं। कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश भी हो रही है। आज यानी शुक्रवार की सुबह तक रिमझिम बारिश हो रही थी। हालांकि अभी बारिश तो बंद है लेकिन आसमान पर बादल छाए हैं। अगले 24 घंटे तक भी बारिश की प्रयागराज में संभावना जताई गई है। बारिश से किसानों के चेहरे जरूर खिले हैं।
लगातार बारिश होने से उमस व गर्मी से मिली राहत
कुछ दिन पहले तक तो सूर्य की तेज किरणों ने उमस और गर्मी के वर्चस्व को बढ़ा दिया था। आलम यह हो गया था कि शरीर से पसीना नहीं सूख रहा था। कूलर और पंखे भी बेअसर हो गए थे। न घर में चैन था और न ही बाहर। इसके बाद मौसम अचानक पलटा और आसमान में घने और काले बादल मंडराने लगे। उमड़ते-घुमड़ते बादलों ने बारिश भी की। बारिश ने उमस भरी गर्मी के वर्चस्व को कम कर दिया।
सूर्य की किरणों पर भारी पड़े बादल
हालांकि हवा भी शरीर को राहत दे रही है। हवा के बाद भी बादल भले ही कम हो जाते हैं लेकिन कुछ ही देर बाद फिर छा जाते हैं। इससे सूर्य के वर्चस्व को बादल बढ़ने नहीं दे रहे हैं। पिछले चार दिनों में कम ही समय ऐसा हुआ जब सूर्य खिलकर नजर आया वरना तो बादलों का ही वर्चस्व रहा है।
किसानों को मिली राहत
आसमान में छाए बादलों से हो रही कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश हो रही है। ऐसे में किसानों के चेहरे खिल गए हैं। खेतों में सूख रही धान की फसलों के लिए बारिश ने रामबाण का काम किया है। किसानों में उत्साह भी नजर आ रहा है। वहीं बारिश से शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की समस्या भी हो गई। सड़कों पर भी जलभराव के कारण राहगीरों को दिक्कत हुई।
बारिश में बिजली कटौती की समस्या भी
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। आजाद नगर साउथ मलाका मुहल्ले में लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर गुरुवार को फुंक गया। इससे करीब 200 घरों की बिजली गुल हो गई। नैनी स्थित स्टोर से काफी देर बाद ट्रांसफार्मर मिला, जिस कारण आपूर्ति आठ घंटे बाद बहाल हुई। वहीं, कीडगंज, बैरहना, बलुआघाट, गौस नगर, करेली, अकबरपुर, मिनहाजपुर, लकड़मंडी, पानदरीबा, झलवा, नीवां, ऊंचवागढ़ी आदि इलाकों में भी आपूर्ति प्रभावित रही। कहीं फ्यूज उड़ा तो कहीं ट्रांसफार्मरों में तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। मालवीय नगर में तारों में शार्ट सर्किट के कारण आपूर्ति कुछ देर के लिए प्रभावित हुई।