Allahabad Medical Association Poll : आठ बजे से शुरू हुआ मतदान, अपने नेता को चुनने के लिए डॉक्टरों में उत्साह
Allahabad Medical Association Poll पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार चुनाव मैदान में प्रत्याशियों की संख्या ज्यादा है। कुल 149 प्रत्याशी चुनाव में हैं और 1245 मतदाता इन्हें मतदान करेंगे। सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। फिर निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा होगी।
प्रयागराज, जेएनएन। डॉक्टरों के संगठन एएमए (इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन) का चुनाव होना है। इसके लिए रविवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गया है। मतदान के लिए जिले भर के डॉक्टर म्योहाल चौराहा स्थित एएमए भवन पहुंच रहे हैं। जो भी डॉक्टर मतदान करने पहुंच रहे हैं, गेट पर ही पहले उनकी स्क्रीनिंग हो रही है और पल्स ऑक्सीमीटर से जांच की जा रही है। सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है और मास्क लगाकर अंदर भेजा जा रहा है। एसोसिएशन की निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. राधारानी घोष ने बताया चुनाव की तैयारी हो चुकी है। इस बार प्रत्याशी और मतदाता दोनों की संख्या बढ़ी है।
पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार चुनाव मैदान में प्रत्याशियों की संख्या ज्यादा है। कुल 149 प्रत्याशी चुनाव में हैं और 1245 मतदाता इन्हें मतदान करेंगे। सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। शाम को ही निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा भी कर दी जाएगी। इस बार अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर है। डॉ. नीता साहू, डॉ. सुजीत सिंह व डॉ. रंजना खन्ना एक दूसरे के सामने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में हैं।
इस तरह सचिव पद के लिए निवर्तमान सचिव डॉ. राजेश मौर्या फिर से चुनाव मैं हैं। न्यूरो सर्जन डॉ. प्रकाश खेतान भी इस पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसी क्रम में उपाध्यक्ष पद के लिए डॉ. अनीता राजदेवी, डॉ. कमल सिंह, डॉ. माधवी मित्तल, डॉ. मोहित जैन, डॉ. शबी अहमद, डॉ. सुबोध जैन, डॉ. सुमति सक्सेना समेत सात प्रत्याशी हैं। इसी क्रम में वित्त सचिव के लिए युगांतर पांडेय और डॉ. अतुल गुप्ता के बीच मुकाबला हो गया। इसी तरह विभिन्न पदाें पर कई प्रत्याशी हैं।