Allahabad-Jhansi Graduate Poll: प्रयागराज के 63 हजार मतदाताओं का वोट तय करेगा क्षेत्र के प्रत्याशियों का भविष्य
भाजपा की तरफ से डॉ. यज्ञ दत्त शर्मा मैदान में हैं। इस सीट पर वह 24 साल से काबिज हैं। इसी शहर में सेवा समिति विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के प्राचार्य भी रहे हैं। यहां के चप्पे चप्पे से वाकिफ हैं। दस नवंबर को नामांकन करने की तैयारी में हैं।

प्रयागराज,जेएनएन। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर दी है। पांच नवंबर से नामंकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। 12 नवंबर तक उम्मीदवार पर्चा दाखिल कर सकते हैं। दस जिलों के कुल 1.61 लाख वोटर अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। इनमे से 63 हजार वोटर सिर्फ प्रयागराज में हैं। इनका वोट सब से अधिक प्रभावी साबित होगा। खासकर तब जब कि यहां अन्य जिलों की तुलना में अधिक सक्रिय मतदाता हैं। चाहे वैचारिक पृष्ठभूमि में देखा जाए चाहे सक्रियता के आधार पर। यही वजह है कि प्रत्याशी में प्रयागराज में अधिक सक्रिय दिख रहे हैं। इसके अलावा अधिकांश उम्मीदवार भी प्रयागराज से ही जुड़े हैं।
24 साल से सीट पर काबिज हैं डॉ. यज्ञदत्त शर्मा
भाजपा की तरफ से डॉ. यज्ञ दत्त शर्मा मैदान में हैं। इस सीट पर वह 24 साल से काबिज हैं। इसी शहर में सेवा समिति विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के प्राचार्य भी रहे हैं। यहां के चप्पे चप्पे से वाकिफ हैं। दस नवंबर को नामांकन करने की तैयारी में हैं।
प्रयागराज निवासी हैं डॉ. हरि प्रताप
चुनाव मैदान में कर्मचारी हितों की बात कर ताल ठोक रहे डॉ. हरि प्रताप। हालांकि मथुरा के कॉलेज में अध्यापन कर रहे हैं लेकिन निवासी प्रयागराज के हैं। लंबे समय से प्रयागराज ही इनकी कर्मभूमि रही है। 12 नवंबर को नामांकन की तैयारी में हैं।
डॉ. मान सिंह भी प्रयागराज से
सपा ने डॉ. मान सिंह को मैदान में उतारा है। वह मनौरी के एक पब्लिक स्कूल में शिक्षक हैं। लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। प्रयागराज के लोगों में पैठ भी रखते हैं। कांग्रेस की तरफ से ताल ठोक रहे अजय कुमार सिंह का नाता भी प्रयाग से है। वह मुठ्ठीगंज स्थित डॉ. केपी जायसवाल इंटर कॉलेज में अध्यापक हैं। नौ नवंबर को नामांकन की तैयारी में हैं। बसपा की तरफ से कोई प्रत्याशी घोषित नहीं है लेकिन प्रयाग के ही एक नेता खुद को बसपा समर्थित कह रहे हैं। वह पूर्व ब्लाक प्रमुख भी हैं।
116 बूथों पर होगा मतदान
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन चुनाव में प्रयागराज की भूमिका खास रहेगी। यहीं से अधिकांश प्रत्याशी मैदान में हैं तो वोटर भी काफी सक्रिय हैं। प्रयाग के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, महोबा, हमीरपुर, जालौन, ललितपुर के वोटर भी मतदान करेंगे। क्षेत्र में कुल एक लाख 61 हजार मतदाता हैं। इसमें 63 हजार मतदाता सिर्फ प्रयागराज के हैं। यहां 116 बूथों पर वोटिंग होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।