युवती से दुष्कर्म के बाद अश्लील वीडियो बनाया, केस दर्ज
महिला कैंट थाना क्षेत्र में रहती है। बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद अश्लील वीडियो भी बनाया। पीडि़त की तहरीर पर केस पुलिस ने दर्ज किया।
प्रयागराज : कैंट थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से दुष्कर्म व अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता के पिता ने चंदन विश्वकर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
युवती का पिता सब्जी विक्रेता है। उसकी 19 वर्षीय बेटी कुछ दिन पहले घर से कहीं चली गई। परिजनों ने तलाश शुरू की तो पता चला कि वह खुल्दाबाद में किराए पर रहने वाले चंदन के साथ गई है।
आरोप है कि चंदन ने मुंडेरा में युवती को बंधक बनाकर रखा और दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो भी कैद कर लिया। आरोप है कि चंदन ने उससे सादे पेपर पर हस्ताक्षर करवा लिया। इसी बीच युवती किसी तरह चंदन के चंगुल से छूटी और घर आकर परिजनों को पूरी बात बताई। इंस्पेक्टर कैंट आरएस रावत का कहना है कि मामला संदिग्ध है। जांच की जा रही है।
शादी का झांसा देकर मामा करता रहा दुष्कर्म :
सरायइनायत थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ रिश्ते में मामा लगने वाला युवक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। शादी से इंकार करने पर पीडि़ता ने उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कर लिया है। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के यहां रिश्ते में मामा लगने वाले युवक का आना-जाना था।
इसी बीच युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध हो गया। शादी का झांसा देकर युवक ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बना लिया। यह सिलसिला छह माह तक चलता रहा। इसी बीच युवती ने जब युवक से शादी करने का दबाव बनाया तो उसने इंकार कर दिया। युवती ने थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने महेंद्र कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।