युवक की हत्या कर लाश गायब, कोर्ट आदेश पर पत्नी व दो पर केस
युवक की हत्या कर लाश गायब करने के मामले में पत्नी समेत तीन के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज हुआ।
प्रयागराज : जौनपुर निवासी साहब लाल की हत्या कर लाश गायब करने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर साहब लाल की पत्नी रेखा, ससुर पारसनाथ पाल व सतीश कुमार के खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
घटना एक साल पहले हुई थी। जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र स्थित परानपुर गांव निवासी राम जियावन खेती करते हैं। उनके बेटे साहब लाल की शादी हंडिया थाने के मिसरी गांव की रेखा पाल के साथ हुई थी। राम जियावन का आरोप है कि पति-पत्नी में विवाद के कारण मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था। 23 नवंबर 2017 को कोर्ट ने आपसी सहमति पर साथ रहने का आदेश दिया था। तब साहब लाल को साथ लेकर पारसनाथ अपने गांव चले गए थे। अगले दिन रेखा को ससुराल पहुंचा दिया, लेकिन बेटे का पता नहीं चल सका। पूछताछ करने पर उसे धमकी दी जा रही है। इससे परेशान पीडि़त ने कैंट थाने से लेकर पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। इंस्पेक्टर कैंट आरएस रावत का कहना है कि साहब लाल और रेखा अपने घर से भागकर शादी रचाई थी। मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुराने नैनी पुल के नीचे मिला शव
नैनी क्षेत्र के पुराने यमुना पुल के नीचे एक युवक का शव मिला। चरवाहों ने पुल के नीचे पानी में शव देख लोगों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो उस पर कफन लपेटा था। पुलिस ने शव को दोबारा यमुना की धारा में प्रवाहित करा दिया।