स्नान पर्वो पर अतिरिक्त बसों का संचालन कल से
जागरण संवाददाता प्रयागराज माघ मेले में श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज की बसों का इंतजाम किया गया है।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : माघ मेले में श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज की बसों का इंतजाम किया गया है। गुरुवार को पहले मुख्य स्नान पर्व पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से सिविल लाइंस समेत झूंसी व लेप्रोसी बस अड्डे से मुख्य स्नान पर्व पर 2800 बसों को चलाने की तैयारी की गई है। साथ ही 500 बसें रिजर्व रखी जाएंगी। इसके अलावा पूरे माघ मेला के दौरान 1800 बसें चलाई जाएंगी। झूंसी से गोरखपुर व वाराणसी के लिए बसें मिलेंगी। सिविल लाइंस से कानपुर, लखनऊ व आयोध्या के लिए बसें चलाई जाएंगी। लेप्रोसी से बांदा, रीवा व मीरजापुर के लिए श्रद्धालुओं को बसें मिलेंगी।
मौनी अमावस्या यानी 11 फरवरी को झूंसी पुल बंद रहेगा। बसना नाला की मरम्मत कार्य के चलते फाफामऊ के पास मार्ग बंद है। इसलिए रूट डायवर्जन की रूपरेखा बनाई गई है। बुधवार का टीम सर्वे करेगी। फिर किराया निर्धारित होगा। लखनऊ से आने वाली बसों को नवाबगंज से कोखराज व मूरतगंज और आयोध्या वाली बसों को सोरांव से कोखराज व मूरतगंज होकर शहर में प्रवेश दिया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। मुख्य स्नान पर्वो पर रेलवे की व्यवस्था में बदलाव
श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के लिए मुख्य स्नान पर्वो पर प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन बंद रहेगा। यहां की ट्रेनें प्रयाग जंक्शन तक चलाई जाएंगी। इसके अलावा प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से सिर्फ निकासी की अनुमति होगी। सिटी साइड से प्रवेश होगा।