स्मृति शेष : अभिनेता ऋषि कपूर अपनी फिल्म कर्ज देखने 1980 में प्रयागराज आए थे Prayagraj News
ऋषि कपूर ने प्रयागराज आने पर अपने फैन्स से कहा था कि अरे यार...मैं कहां स्टार तो आपने बनाया है। बालीवुड के इस महान अदाकार अब हमारे बीच नहीं है। रह गई है तो सिर्फ उनकी स्मृति ही।
प्रयागराज, जेएनएन। अरे यार, मैं कहां..., आप लोगों के प्यार और आशीर्वाद ने ही मुझे स्टार बनाया। यह शब्द थे मशहूर फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के। जब वह अपनी सबसे चर्चित फिल्म कर्ज के यहां अजंता टाकीज में रिलीज के 25 सप्ताह पूरे होने पर दोपहर 12 से तीन बजे तक का खास शो देखने के लिए 1980 में प्रयागराज (तब इलाहाबाद) आए थे। उन्होंने दर्शकों और खासकर उनमें युवाओं से घिर जाने पर यही कहा था। अभिनेत्री टीना मुनीम और नीतू ङ्क्षसह के साथ संगम भी गए थे।
अजंता टाकीज में नीतू सिंह व टीना मुनीम के साथ आए थे ऋषि कपूर
यह यादें ताजा करते हुए नव गीतकार यश मालवीय कहते हैं कि वे अपने पिता उमाकांत मालवीय के साथ अजंता टॉकीज गए थे। उस दिन ऋषि कपूर को आना था, इसलिए टिकट मुफ्त में मिल रहा था और काफी भीड़ थी। ऋषि कपूर को आने में काफी विलंब हुआ था लेकिन जब वे टीना मुनीम और नीतू सिंह के साथ हॉल में दाखिल हुए, तब दर्शकों ने खूब सीटियां बजाई थीं। ऋषि कपूर ने फिल्म के कई दृश्य देखे। फिर वहीं युवाओं के साथ ओम शांति ओम-शांति शांति ओम, गीत पर डांस भी किया था। जब बाहर निकले तो लोगों ने उनसे उन्हीं के फिल्म पोस्टर पर ऑटोग्राफ लिया था। यह कहने पर कि... सर आप तो बड़े स्टार हैं तो ऋषि कपूर बोले कि आप लोगों के कारण ही मैं स्टार बन सका।
ऋषि कपूर का संबंध लूकरगंज निवासी स्व. राम कपूर से भी था
यश मालवीय कहते हैं कि ऋषि कपूर के संबंध लूकरगंज निवासी स्व. राम कपूर से भी थे। राम कपूर, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से उत्तीर्ण छात्र थे। राम कपूर के संबंध फिल्म और थियेटर के कई कलाकारों में से थे। प्रयागराज आने पर ऋषि कपूर से राम कपूर ने भी मुलाकात की थी। ऋषि कपूर बंधवा हनुमान मंदिर और सिविल लाइन स्थित हनुमत निकेतन भी गए थे। इससे पहले और बाद में कपूर खानदान का प्रयागराज से कोई नाता नहीं रहा।
हर दिल अजीज अभिनेता थे ऋषि कपूर : रंगकर्मी अनिल भौमिक
शहर के वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल रंजन भौमिक कहते हैं कि एक के बाद एक दुखद समाचारों से कलाकारों में शोक है। पहले तो रंगमंच की हिम्मतमाई ऊषा गांगुली, कल ही संवेदनशील रंंगमंच और फिल्मों के बेजोड़ कलाकार इरफान खान और अब सदाबहार हरदिल अजीज अभिनेता ऋषि कपूर का चले जाना दुखद है। आज वे दुनिया में नहीं, उनको विनम्र श्रद्धांजलि।