अगर किसी ने सड़क किनारे कचरा फेंका तो होगी कार्रवाई Prayagraj News
शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। अब अगर सड़क के किनारे कूड़ा-कचरा फेंकने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
प्रयागराज, जेएनएन। स्वच्छता अभियान को जोर देने के लिए लोगों को भी जागरूक होना पड़ेगा। ऐसा न करने पर परेशानी भी उठानी पड़ सकती है। क्योंकि अब अगर सड़क किनारे कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा। ऐसा ही पिछले दिनों मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा है।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिया निर्देश
मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क किनारे कत्तई कूड़ा न फेंका जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क के किनारे गंदगी व जलभराव नहीं होना चाहिए। इसके साथ सड़क मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर कराया जाए। आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में हुई समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली का लक्ष्य प्राप्त न होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई।
शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करना है
उन्होंने राजस्व वसूली, राजस्व वादों का निस्तारण, गोआश्रय स्थल, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, विकास कायरें आदि की विस्तृत समीक्षा की। मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि जीएसटी, आबकारी, विद्युत देय आदि में शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करना है। राजस्व वादों को शीघ्रता से निस्तारित करने के लिए न्यायिक अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि सभी जिलाधिकारी राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाएं।
स्टांप केस के निस्तारण की वस्तुस्थिति की जानकारी ली
मंडलायुक्त ने स्टांप केस के निस्तारण की वस्तुस्थिति की जानकारी भी ली। गोवंश आश्रय स्थलों में किसी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ को अपने जिलों में एंबुलेंसों के सुगम संचालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सीएम कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत योजना, छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा की। धान क्रय केंद्रों की तैयारियों की भी समीक्षा की।