Action on Mafia : अब माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के नीमसराय की संपत्ति होगी कुर्क Prayagraj News
Action on Mafia अधिकारियों को पता चला कि नीमसराय में पूर्व सांसद का 420 वर्ग मीटर का एक प्लाट है। जांच का दायरा आगे बढ़ाया तो मालूम हुआ कि अतीक ने वर्ष 2006 में इस जमीन को 16 लाख 80 हजार रुपये में अपने नाम करवा लिया था।
प्रयागराज,जेएनएन। अहमदाबाद जेल में बंद पूर्व सांसद और माफिया अतीक अहमद की नीमसराय की जमीन व मकान कुर्क होगा। डीएम ने इसका आदेश कर दिया है।पुलिस, प्रशासन और पीडए इसे कुर्क करने की तैयारी में जुट गया है। पूर्व सांसद अतीक अहमद ने अपने गिरोह के साथ अपराध के जरिए जिन संपत्ति को अर्जित किया है, उन सभी पर कार्रवाई हो रही है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी इन संपत्ति का लगातार पता लगा रहे हैं और कार्रवाई भी कर रहे हैं।
नीम सराय में पूर्व सांसद का 420 वर्ग मीटर का है एक प्लाट
इसी बीच अधिकारियों को पता चला कि नीमसराय में पूर्व सांसद का 420 वर्ग मीटर का एक प्लाट है। प्लाट पर चहारदीवारी बनाई गई है। जांच का दायरा आगे बढ़ाया तो मालूम हुआ कि अतीक ने वर्ष 2006 में इस जमीन को 16 लाख 80 हजार रुपये में अपने नाम करवा लिया था। बताया गया कि अतीक ने अपराध के जरिए अॢजत धन से इस संपत्ति को खरीदा था। इसलिए जिलाधिकारी भानूचंद्र गोस्वामी ने इस संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया। साथ ही 26 अक्टूबर संपत्ति को कुर्क कर आख्या देने के निर्देश दिए हैं। इसका प्रशासक इंस्पेक्टर धूमनगंज को बनाया है। इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि जल्द ही उस संपत्ति को कुर्क किया जाएगा।
कुछ और संपत्ति के बारे में पता चला
अतीक अहमद की धूमनगंज में कुछ और संपत्ति के बारे में पुलिस को पता चला है। उसके कागजात भी एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि इसका सत्यापन किया जा सके। पुलिस का कहना है कि इन संपत्ति के बारे में पूरी जानकारी एकत्र करने के बाद इसे भी कुर्क किया जाएगा।