Action on Mafia : प्रयागराज के माफियाओं को क्यों सता रही बुल्डोजर की दहशत, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर
Action on Mafia नजूल राजकीय आस्थान लोगों की जमीन पर कब्जा कर किए गए इन निर्माणों को जमींदोज किया गया। आगे भी ऐसे निर्माणों पर जेसीबी चलेगी। पीडीए के जोनल अधिकारी सत शुक्ल ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रयागराज, जेएनएन। शहर के माफिया, हिस्ट्रीशीटरों और उनके गुर्गों के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए), पुलिस और प्रशासन की ओर से करीब डेढ़ महीने पहले संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया गया। अब तक 20 अवैध लॉज, गेस्ट हाउस, कोल्ड स्टोरेज, मकान ढहाए जा चुके हैं। नजूल, राजकीय आस्थान, लोगों की जमीन पर कब्जा कर किए गए इन निर्माणों को जमींदोज किया गया। आगे भी ऐसे निर्माणों पर जेसीबी चलेगी। पीडीए के जोनल अधिकारी सत शुक्ल ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विधिक प्रक्रिया पूरी करके ध्वस्तीकरण किया जाएगा। जिले में अब कितने माफियाओं की अवैध ढंग से बनाई गई प्रापर्टी पर बुल्डोजर चल चुका है। यह जानने के लिए पढ़े पूरी खबर।
कब किस माफिया के खिलाफ हुई कार्रवाई
5 सितंबर को अतीक के साढ़ू हिस्ट्रीशीटर फरार अपराधी इमरान जई के पानी के टंकी के समीप नजूल भूमि पर करीब 200 वर्गगज क्षेत्रफल में निर्मित अवैध तीन मंजिला भवन।
7 सितंबर को अतीक अहमद द्वारा नवाब यूसुफ रोड पर करीब 500 वर्गगज नजूल भूमि पर कराए गए अवैध कामर्शियल निर्माण।
8 सितंबर को अतीक के सहयोगी असाद द्वारा बाजूपुर/ऐनुद्दीनपुर में करीब चार बीघा क्षेत्रफल में कराई गई अवैध प्लाटिंग।
11 सितंबर को हमजा उस्मान द्वारा मेहंदौरी में राजकीय आस्थान की लगभग दो बीघे भूमि पर किए गए अवैध कब्जे एवं निर्माण।
12 सितंबर को अतीक द्वारा एमजी मार्ग पर हाईकोर्ट हनुमान मंदिर के पास करीब 700 वर्गगज नजूल भूमि कराए गए अवैध कामर्शियल निर्माण।
13 सितंबर को अतीक द्वारा लूकरगंज में करीब 3800 वर्गगज भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया।
17 सितंबर को अतीक द्वारा कटका, झूंसी में करीब 11 हजार वर्गगज भूमि पर कराए गए अवैध कोल्ड स्टोरेज का निर्माण।
19 सितंबर को अशरफ के साले मो. जैद द्वारा हटवा, कौशांबी में करीब 650 वर्गगज में कराए गए दो मंजिला अवैध मकान का निर्माण।
20 सितंबर को अतीक द्वारा चकिया में करीब 1500 वर्गगज भूमि पर नक्शे के विपरीत कराए गए कार्यालय का निर्माण।
22 सितंबर को अतीक द्वारा चकिया में करीब तीन से चार बीघे में कराए गए दो मंजिला अवैध मकान का निर्माण।
26 सितंबर को बेली गांव में अपराधी राशिद द्वारा राजकीय आस्थान की भूमि पर बनाए गए मकान के आंशिक हिस्से को।
27 सितंबर को अतीक गिरोह के सदस्य भुट्टो द्वारा बेली गांव में करीब 550 वर्गगज राजकीय आस्थान की भूमि पर लगभग 50 कमरों के कराए गए अवैध लॉज का निर्माण।
29 सितंबर को राशिद द्वारा बेली में राजकीय आस्थान की करीब 450 वर्गगज भूमि पर कराए गए दो मंजिला अवैध मकान के निर्माण। कम्मो एवं जाबिर द्वारा बेली में ही राजकीय आस्थान की करीब 300 वर्गगज जमीन में अवैध तीन मंजिला मकान।
3 दिन यानी 4, 5 और 8 अक्टूबर को नैनी में यूनाइटेड इंजीनियङ्क्षरग कॉलेज के सामने हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र द्वारा करीब 900 वर्गगज में कराए गए अवैध हास्टल का निर्माण।
9 अक्टूबर को हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव द्वारा हवेलिया, झूंसी में लगभग 250 वर्गगज में कराए गए दो मंजिला अवैध मकान का निर्माण।
10 अक्टूबर को हिस्ट्रीशीटर निहाल कुमार उर्फ बच्चा पासी द्वारा रम्मन का पुरवा में करीब 650 वर्गगज में कराए गए अवैध मकान का निर्माण।
12 अक्टूबर को हिस्ट्रीशीटर राम लोचन यादव द्वारा कन्हईपुर में करीब 1700 वर्गगज में दो मंजिला गेस्ट हाउस और लगभग 550 वर्गगज में कराए गए तीन मंजिला अवैध मकान का निर्माण।