रक्षा मंत्री के नाम पर चेयरमैन को धमकाने वाला आरोपित छूटा Prayagraj News
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित को निजी मुचलके पर छोड़ दिया। उस पर आरआरसी के चेयरमैन को रक्षा मंत्री के नाम पर धमकी देने का आरोप था।
प्रयागराज, जेएनएन। रक्षा मंत्री के नाम पर रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) के चेयरमैन को धमकी देने का आरोपित प्रमोद कुमार सिंह छूट गया है। सिविल लाइंस पुलिस ने अभियुक्त को निजी मुचलके पर थाने से छोड़ दिया।
आरआरसी के चेयरमैन ग्रुप डी की भर्ती को लेकर धौंस जमाने का था आरोपित
वाराणसी में अहरौली थाना क्षेत्र का आयर गांव निवासी प्रमोद कुमार सिंह शुक्रवार को आरआरसी के चेयरमैन विवेक प्रकाश के दफ्तर पहुंच गया था। वहां वह खुद को आइएएस अफसर बताते हुए चेयरमैन पर रेलवे ग्रुप डी की भर्ती को लेकर धौंस जमाने लगा। रक्षा मंत्री का भी नाम लेकर उसने धमकी दी। इसी बीच उसकी गतिविधियों पर चेयरमैन विवेक प्रकाश को शक हो गया। इस पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में वहां पहुंची पुलिस आरोपित को पकड़कर थाने ले आई।
परिवार वालों का कहना था कि मानसिक संतलन ठीक नहीं है
आरोपित से पुलिस अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की गई। इसी बीच जानकारी मिलने पर पहुंचे परिवार वालों का कहना था कि प्रमोद का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। हालांकि इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
मामले में बोले सिविल लाइंस के इंस्पेक्टर
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राकेश चौरसिया का कहना है कि जो धाराएं थी, उसमें निजी मुचलके पर छोड़ा जा सकता था। इसलिए प्रमोद को फिलहाल छोड़ दिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप