Prayagraj News: मंगेतर के सामने युवती से छेड़छाड़ करने वाला पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
बैरियर लगाकर संदिग्ध बदमाशों की तलाश में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर पर फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की तो उसके पैर में गोली लग गई।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज में मंगेतर के सामने युवती से छेड़छाड़ करने वाला मोहम्मद कैफ शुक्रवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया है। सिसई सिपाह गांव निवासी कैफ के पैर में गोली लगी है। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।
संदिग्धों की तलाश में चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हुई : पुलिस का दावा है कि शुक्रवार की देर रात बैरियर लगाकर संदिग्ध बदमाशों की तलाश में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर पर फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की तो उसके पैर में गोली लग गई।
सोशल मीडिया पर छेड़खानी का वायरल हुआ था वीडियो : बता दें कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ था। जांच में पाया गया था कि वीडियो सिसई सिपाह क्षेत्र के नदी के पास एक युवती व उसका मंगेतर बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और युवती व उसके मंगेतर के साथ मारपीट की।
पुलिस को कैफ के भी छेड़खानी का वीडियो मिला था : थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने इस मामले में वसीक, जिकिरिया, माशूक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसी बीच पुलिस को एक और वीडियो मिला था, जिसमें कैफ भी छेड़खानी कर रहा था। इसी आधार पर उसका नाम विवेचना के दौरान प्रकाश में आया था।